मध्य प्रदेश के पहले गैर-कांग्रेस मुख्यमंत्री रहे कैलाश जोशी का निधन

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया.

/
कैलाश जोशी. (फोटो: ट्विटर/@nisheethsharan)

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया.

कैलाश जोशी. (फोटो: ट्विटर/@nisheethsharan)
कैलाश जोशी. (फोटो: ट्विटर/@nisheethsharan)

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया. वह 90 वर्ष के थे.

यह जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी. उन्होंने कहा, ‘मेरे पिताजी का बंसल अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया.’ उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा.

उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं. उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है.

नवभारत टाइम्स के अनुसार, कैलाश जोशी मध्य प्रदेश में भाजपा के प्रमुख नेताओं में से एक थे. 14 जुलाई 1929 में जन्में कैलाश जोशी 1952 में भारतीय जनसंघ की स्थापना के दौरान पार्टी के संस्थापक सदस्य भी रहे थे. साल 1955 में पहली बार हाटपीपल्या नगरपालिका के अध्यक्ष बनाए गए थे.

1972 से 1977 तक जोशी मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रहे और 26 जून 1977 को उन्हें राज्य की गैर कांग्रेस सरकार का मुख्यमंत्री बनाया गया था. हालांकि स्वास्थ्य कारणों से जोशी ने जनवरी 1978 में इस्तीफा दे दिया.

जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में आठ बार विधायक रहे. वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे.

कैलाश जोशी ने 1998 में मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन जीत ना सके. बाद में जोशी को बीजेपी की ओर से राज्यसभा भेजा गया. 2002 में कैलाश जोशी मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने. इसके बाद 2004 में वह भोपाल के सांसद बने और 2014 तक इस सीट पर उनका कब्जा रहा.

(समाचार एजेंसी भाषा से इनपुट के साथ)