नई दिल्ली: सरकार ने मंगलवार को कहा कि साल 2017 से 2019 के बीच ऑनर किलिंग (झूठी शान के नाम पर हत्या) की 145 घटनाएं सामने आईं.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी. सवाल किया गया था कि क्या देश के विभिन्न हिस्सों में अंतरजातीय और अंतर-धार्मिक विवाहों के लिए ऑनर किलिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है.
उन्होंने बताया कि 2017 में ऐसी 92 घटनाएं, 2018 में 29 और 2019 में 24 घटनाएं घटीं.
मंत्री ने कहा कि 2017-19 के दौरान झारखंड में ऑनर किलिंग के सबसे अधिक 50 मामले सामने आए. उसके बाद महाराष्ट्र में 19 और उत्तर प्रदेश में 14 घटनाएं हुई हैं.
झारखंड में 2017 में 41, 2018 में नौ और 2019 में ऑनर किलिंग की कोई घटना दर्ज नहीं की गई है. महाराष्ट्र में 2017 में 16, 2018 में तीन और 2019 में कोई घटना नहीं हुई. उत्तर प्रदेश में 2017 में 14 और 2018 तथा 2019 में ऑनर किलिंग की कोई घटना दर्ज नहीं की गई है.
सरकार ने ये आंकड़े राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो एनसीआरबी की ओर से प्रकाशित ‘क्राइम इन इंडिया’ के हवाले से दिए हैं.
(समाचार एजेंसी भाषा से इनपुट के साथ)
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने लोकसभा में बताया कि 2017-19 के दौरान ऑनर किलिंग की झारखंड में सबसे ज़्यादा 50 घटनाएं हुईं. उसके बाद महाराष्ट्र में 19 और उत्तर प्रदेश में 14 घटनाएं हुई हैं.
(प्रतीकात्मक फोटो: रॉयटर्स)