राजस्थान: चुरू में वायुसेना का जगुआर प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत

राजस्थान के चुरू ज़िले के एक गांव में बुधवार को भारतीय वायु सेना का एक जगुआर प्रशिक्षक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दोनों पायलट जीवित नहीं बचे. वायुसेना ने बताया है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है.

प्रतीकात्मक फोटो साभार: Wikimedia commons)

नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना का एक जगुआर प्रशिक्षक विमान बुधवार (9 जुलाई) को राजस्थान के चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार दो पायलटों की मौत हो गई.

भारतीय वायु सेना ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बताया है, ‘आज राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान एक भारतीय वायु सेना का जगुआर प्रशिक्षक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटना में दोनों पायलटों को जानलेवा चोटें आईं. किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है. भारतीय वायु सेना को जानमाल के नुकसान पर गहरा खेद है और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है.’

पोस्ट में आगे कहा गया है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है.

घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त विमान के अवशेष. (फोटो: पीटीआई)

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चुरू जिले की रतनगढ़ तहसील में हुई.

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, चुरू के एसपी जय यादव के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 12.30 बजे भानुदा गांव के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

अखबार ने बताया कि इस साल जगुआर विमान से जुड़ी यह तीसरी दुर्घटना है.

इससे पहले अप्रैल में भारतीय वायुसेना का एक दो-सीटर जगुआर लड़ाकू विमान गुजरात के जामनगर जिले में एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई थी.

इससे पहले मार्च में हरियाणा के अंबाला एयरबेस से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हालांकि, तब चालक दल के सदस्य सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे थे.