नई दिल्ली: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव मद्देनजर जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) ने गुरुवार (16 अक्टूबर) को अपने उम्मीदवारों की दूसरी और आख़िरी सूची जारी की. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सत्ताधारी पार्टी ने राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के बचे हुए 44 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है. ज्ञात हो कि 57 उम्मीदारों की पहली लिस्ट पार्टी ने बुधवार को जारी की थी.
जदयू की पहली लिस्ट में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार शामिल नहीं था, हालांकि दूसरी लिस्ट में पार्टी ने चार मुसलमान उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं. अररिया से शबनम अख़्तर, जोकीहाट से जनाब मंज़र आलम, अमौर से सबा ज़फ़र, और चैनपुर से बिहार सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मोहम्मद ज़मा ख़ान लड़ने वाले हैं.
सूची में राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों में शीला मंडल, विजेंद्र प्रसाद यादव, लेशी सिंह, जयंत राज सहित कई मंत्रियों के नाम शामिल हैं.
जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा है कि नीतीश कुमार गुरुवार से चुनावी अभियान का आग़ाज़ कर रहे हैं.
बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए जनता दल (यूनाइटेड) की दूसरी सूची जारी।
सभी प्रत्याशियों को ढेरों बधाई व शुभकामनाएं।#Bihar #JDU #JanataDalUnited#BiharElections pic.twitter.com/c6XUriMFqV
— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 16, 2025
बता दें कि चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर, 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी. मतदान दो चरणों में होने हैं- पहला चरण 6 नवंबर 2025 और दूसरा चरण 11 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा. वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा 14 नवंबर 2025 को होगी. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं. इनमें से 203 सामान्य श्रेणी की सीटें, 38 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं. पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी.
बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता हैं. इनमें लगभग 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिला और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. चुनाव आयोग ने कुल 90,712 मतदान केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है.
नामांकन की तारीखें
पहले चरण के लिए नोटिफिकेशन 10 अक्टूबर 2025 को जारी किया गया और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है.
दूसरे चरण के लिए नोटिफिकेशन 13 अक्टूबर को जारी हुआ और नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 है.
प्रमुख राजनीतिक गठबंधन
चुनाव में मुख्य रूप से दो बड़े गठबंधन आमने-सामने हैं. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं. एनडीए ने अपना सीट बंटवारा तय कर लिया है – भाजपा और जदयू दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे.
विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), विकासशील इंसान पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा शामिल हैं. हालांकि, महागठबंधन में अभी तक सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाई है.
इसके अलावा, राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी और आम आदमी पार्टी भी चुनाव में पहली बार भाग ले रहे हैं. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी 100 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है.
पिछले पांच साल
वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त होने वाला है. पिछले चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2020 में हुए थे, जिसके बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी थी. हालांकि, इसके बाद कई बार गठबंधन बदले, 2022 में जेडीयू ने भाजपा से गठबंधन तोड़कर महागठबंधन के साथ सरकार बनाई, लेकिन जनवरी 2024 में फिर से भाजपा के साथ एनडीए में वापस आ गया.
