संगीता बरुआ पिशारोती प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं

संगीता बरुआ पिशारोती प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) की पहली महिला अध्यक्ष बन गईं. उनके पैनल ने सभी पदों पर जीत दर्ज करते हुए शनिवार को हुए चुनाव में 21–0 का क्लीन स्वीप किया.

संगीता बरुआ पिशारोती की टीम 14 दिसंबर, 2025 को पीसीआई चुनावों में अपनी जीत का जश्न मना रही है. (फोटो: पीसीआई)

नई दिल्ली: संगीता बरुआ पिशारोती रविवार (14 दिसंबर) को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) की पहली महिला अध्यक्ष बन गईं. उन्होंने पत्रकारों की इस शीर्ष संस्था के सर्वोच्च पद के लिए हुए चुनाव में शानदार जीत दर्ज की.

पिशारोती, जो पीसीआई के 2024 के चुनाव में उपाध्यक्ष चुनी गई थीं और द वायर में नेशनल अफेयर्स एडिटर थीं, को 1,019 वोट मिले. उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा और शर्मा अरुण को क्रमश: 129 और 89 वोट मिले.

उनके पैनल ने सभी पदों पर जीत दर्ज करते हुए शनिवार को हुए चुनाव में 21–0 का क्लीन स्वीप किया.

जतिन गांधी को 1,029 वोटों के साथ उपाध्यक्ष चुना गया. उन्होंने प्रह्लाद सिंह राजपूत को 900 से अधिक वोटों के अंतर से हराया.

अफज़ल इमाम 948 वोटों के साथ महासचिव निर्वाचित हुए और उन्होंने ज्ञान प्रकाश को 700 से अधिक वोटों के अंतर से पराजित किया.

अदिति राजपूत और पीआर सुनील क्रमशः कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव निर्विरोध चुने गए.

अब गठित 16 सदस्यीय प्रबंध समिति में निम्न सदस्य शामिल होंगे: नीरज कुमार (932 वोट), अभिषेक कुमार सिंह (911), द वायर कीडिप्टी एडिटर जाह्नवी सेन (903), अशोक कौशिक (892), कल्लोल भट्टाचार्य (882), प्रवीण जैन (878), अग्रज प्रताप सिंह (865), मनोज शर्मा (861), नोयनिमा बसु (851), पीबी सुरेश (838), वीपी पांडेय (833), प्रेम बहुखंडी (831), स्नेहा भूरा (829), जावेद अख्तर (823), रेज़ाउल हसन लस्कर (781), सुनील कुमार (780).

रविवार को आए नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए पिशारोती ने कहा कि यह परिणाम ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सदस्यों का हमारे पैनल की सोच और स्वतंत्र, निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने की हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता में सामूहिक विश्वास को दर्शाता है.’

निवर्तमान महासचिव नीरज ठाकुर ने कहा कि पीसीआई की पहली महिला अध्यक्ष का निर्वाचन ‘प्रगति का एक सशक्त प्रतीक है और समानता, विविधता व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है.’