नई दिल्ली: अडानी समूह की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज की मीडिया शाखा एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड (एएमएनएल) ने दिल्ली स्थित समाचार एजेंसी इंडो-एशियन न्यूज सर्विस (आईएएनएस) में शेष 24 प्रतिशत हिस्सेदारी अज्ञात राशि में खरीदकर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है.
न्यूज़लॉन्ड्री की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में जारी एक दस्तावेज के अनुसार, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने कहा, ‘एएमएनएल ने आईएएनएस में शेष हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 21 जनवरी, 2026 को एक शेयर खरीद समझौता किया है. प्रस्तावित लेनदेन पूरा होने पर, आईएएनएस कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन जाएगी.’
मालूम हो कि इससे पहले दिसंबर 2023 में अरबपति गौतम अडानी की प्रमुख कंपनी ने दिल्ली स्थित हिंदी और अंग्रेजी समाचार सेवाओं के लिए मशहूर न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस में 50.50 प्रतिशत की बहुमत हिस्सेदारी हासिल कर ली थी. इसके बाद जनवरी 2024 में एएमजी मीडिया नेटवर्क्स ने 5 करोड़ रुपये के नए शेयर खरीदकर आईएएनएस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 76 प्रतिशत कर ली थी.
आईएएनएस का अधिग्रहण करके अडानी समूह ने एनडीटीवी और अन्य मीडिया संस्थाओं के पहले के अधिग्रहण के बाद भारतीय मीडिया में अपनी उपस्थिति और मजबूत कर ली है.
उल्लेखनीय है कि अडानी समूह ने वर्ष 2022 में बंदरगाह, ऊर्जा और अवसंरचना जैसे अपने पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़ते हुए मीडिया क्षेत्र में प्रवेश किया था. अप्रैल 2022 में अडानी एंटरप्राइजेज ने मीडिया और प्रकाशन से जुड़े अधिग्रहणों के लिए एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड की स्थापना की थी.
इसके बाद एएमजी मीडिया ने समाचार डिजिटल मंच बीक्यू प्राइम का संचालन करने वाली क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया लिमिटेड में हिस्सेदारी खरीदी.
गौरतलब है कि दिसंबर 2022 में समूह ने मुख्यधारा के प्रसारण समाचार क्षेत्र में कदम रखते हुए देश के प्रमुख समाचार चैनल एनडीटीवी में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ नियंत्रण हासिल किया था. इसके बाद 15 दिसंबर 2023 को आईएएनएस में पहली बार हिस्सेदारी ली गई.
बीक्यू प्राइम से लेकर एनडीटीवी और अब आईएएनएस तक किए गए ये अधिग्रहण अडानी समूह की मीडिया में उपस्थिति के तेजी से विस्तार को दर्शाते हैं.
