दिल्ली: उत्तर प्रदेश के संभल में ईद से पहले जुम्मे की आख़िरी नमाज़ और ईद की तैयारियों को लेकर गुरुवार (12 मार्च) को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान संभल के सीओ (सर्किल ऑफिसर) कुलदीप कुमार ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ‘ईरान के लिए छाती पीटने पर इलाज कर दिया जाएगा.’
उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक आयोजन में अंतरराष्ट्रीय विवादों को शामिल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमले को लेकर भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में उन्होंने कहा, ‘झगड़ा हो रहा है ईरान इज़रायल के बीच में और कुछ लोग उसमे अपनी टांग घुसाए पड़े हैं. अगर इतनी दिक्कत है तो जो जहाज़ ईरान जा रहा है भारतीय को लाने उसमे बैठ के चले जाओ वहां, और लड़ो ईरान के लिए. फिर वापिस आ जाओ. लेकिन किसी दो देशों के बीच झगड़ा हो रहा है, और उस झगड़े का हमारे देश में कानून व्यवस्था पर कोई असर पड़ेगा, तब हम इलाज करेंगे बहुत बढ़िया वाला.’
सीओ कुलदीप कुमार ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक मौकों पर किसी भी देश के खिलाफ नारेबाजी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘कहीं पर अलविदा की नमाज़ में, जुमे की नमाज़ में, कोई भी किसी प्रकार के किसी देश के विरोध में कोई नारा नहीं लगनी चाहिए, हम हिंदुस्तानी हैं, भारतीय हैं, हम यहां सुकून से रह रहे हैं, कहीं दो या चार देशों में लड़ाई हो रही है वो उनके मुद्दे हैं, वो जाने. लेकिन दस आदमी साथ खड़े हो के छाती पीट रहे हैं कि हाय हाय हाय ईरान को मार डाला ईरान को मार डाला, अरे भाई इतना ही फ़िक्र है तो चले जाओ ईरान.’
“A lot of people seem eager to comment on the Israel–Iran war and keep poking the issue. If you have a problem, board the flight rescuing stranded Indians and go fight for Iran,” Sambhal DSP Kuldeep Kumar told Muslim locals while reviewing law-and-order preparedness ahead of Eid. pic.twitter.com/mxwOn27uJk
— Hate Detector 🔍 (@HateDetectors) March 12, 2026
उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी को भी स्थानीय माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं देगा. ‘ये चीज़े हम यहां कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे कि हमारे यहां आ के कोई भी आदमी, माहौल बिगाड़े.’
सीओ ने यह भी कहा कि कुछ कस्बों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने कहा, ‘एक दो कस्बे में कुछ लोगों ने ऐसी हरकतें की हैं. हम जबरदस्ती दूसरों की लकड़ी क्यों ले रहे हैं.’
बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘ये सब बातें आप उन्हें बता दीजिएगा, नहीं तो पुलिस फिर वहां तक इलाज करती है, जहां वो पोस्टर छपते हैं और स्लोगन लिखे जाते हैं.’
उन्होंने लोगों से ईद के त्योहार के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, ‘ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, यह प्यार और सौहार्द का त्योहार है, मीठी सेवइयों का त्योहार है, इसमें कड़वाहट किसी को नहीं घोलने दीजियेगा.’
सीओ ने आगे जोड़ा, ‘मैंने देखा है कि कुछ लोग इंस्टाग्राम पर रील बनाने के चक्कर में कह रहे हैं कि ईरान के साथ ये हो गया, ख़ामेनाई को मार दिया, ये कर दिया वो कर दिया. ये चीज़ें कतई न होने दें, किसी भी कसबे या शहर का एक ही आदमी माहौल बिगाड़ने में लिए काफ़ी होता है.’
कुलदीप कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज़ की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा, ‘एक सिंगल आदमी भी मस्जिद के बाहर नमाज़ पढ़ता नहीं नज़र आना चाहिए. अगर कोई पढ़ता पाया गया तब मुक़दमा लिखकर उसे उठा कर जेल भेज दिया जाएगा.’
ज्ञात हो कि नवंबर 2024 में संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद से इलाके में सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है.
