असम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस का सीएम पर निशाना, कहा- पत्नी के पास तीन पासपोर्ट, विदेशों में करोड़ों जमा

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि असम सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और और दूसरे देशों में उनके नाम पर संपत्ति दर्ज हैं, जिसका खुलासा मुख्यमंत्री ने अपने हलफ़नामे में नहीं किया है. कांग्रेस ने उन्हें ‘गिरफ्तार’ करने की मांग की है. शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर मानहानि के मुक़दमे करने की बात कही है.

/
20 मार्च को गुवाहाटी में विधानसभा चुनाव से पहले जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करने जाते हुए हिमंता बिस्वा शर्मा, साथ में उनकी पत्नी (दाएं). (फोटो साभार: फेसबुक/@himantabiswasarma)

नई दिल्ली: असम विधानसभा चुनाव में अब मुश्किल से चार दिन शेष रह गए हैं, इसी बीच विपक्षी कांग्रेस ने राज्य के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंता बिस्वा शर्मा पर अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बोला है. 

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और अमेरिका के टैक्स-हेवन वायोमिंग में उनके नाम पर होटल व्यवसाय शुरू करने के लिए एक कंपनी में 52,000 करोड़ रुपये (डॉलर में) जमा किए गए हैं.

रविवार (5 अप्रैल) को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मांग की कि शर्मा को 9 अप्रैल के चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए और अपनी पत्नी की संपत्ति का खुलासा न करने के लिए उन्हें ‘गिरफ्तार’ किया जाए.

खेड़ा ने कहा, ‘शर्मा से यह भी पूछा जाना चाहिए कि परिवार के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई?’

इसके बाद एक्स पर शर्मा ने लंबा बयान जारी करते हुए इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को ‘कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरी हताशा और घबराहट’ का प्रतीक बताया.

उन्होंने आरोपों को ‘निराधार’, ‘दुर्भावनापूर्ण’, ‘गढ़े हुए’ और ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताया और कहा, ‘मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और सिविल मानहानि के मुकदमे दर्ज करेंगे. उनके गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा.’ 

आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा ने शर्मा की पत्नी को कथित तौर पर संयुक्त अरब अमीरात, एजिप्ट और एंटीगुआ एवं बारबुडा द्वारा जारी पासपोर्ट की प्रतियां दिखाईं. खेड़ा द्वारा दिखाए गए इन पासपोर्टों पर क्रमशः 2027, 2029 और 2031 तक की वैधता अवधि दर्ज थी.

खेड़ा ने सवाल किया, ‘क्या वह भारतीय नागरिकता भी रखती हैं? क्या गृह मंत्री अमित शाह, जो शर्मा के बेहद करीबी हैं, इस मामले की जांच करवाएंगे?’

उन्होंने कहा कि शर्मा अक्सर यह कहते रहे हैं कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई की पत्नी भारतीय नागरिक नहीं हैं. ‘अब मैं उनसे पूछना चाहता हूं, क्या आपकी पत्नी भारतीय नागरिक हैं? एक मौजूदा मुख्यमंत्री की पत्नी भारतीय नागरिक नहीं है, यह चिंता का विषय है.’

खेड़ा ने कहा, ‘शर्मा मुसलमानों के खिलाफ सांप्रदायिक नफरत फैलाते रहते हैं, और उनकी पत्नी के पास दो इस्लामी देशों के पासपोर्ट हैं.. हमने आपको दस्तावेज दिखाए हैं, अब अमित शाह को बताना चाहिए कि ये पासपोर्ट असली हैं या नहीं. वह एक साथ तीन पासपोर्ट कैसे रख रही हैं.. और सभी पासपोर्ट की वैधता अभी जारी है.’

स्क्रीन पर खेड़ा ने 5 मई 2025 का एक दस्तावेज भी दिखाया, जिसमें रिनिकीभुइयांसर्मा एसेट कलेक्टिव एलएलसी नामक कंपनी की वार्षिक बैठक के मिनट्स और प्रस्ताव दर्ज थे, जिसे ‘वायोमिंग लिमिटेड लाइबिलिटी कंपनी’ बताया गया.

इस दस्तावेज के अनुसार, ‘3467890123 यूएसडी की राशि को बजट के रूप में प्रस्तावित किया गया था, ताकि ‘रिनिकीभुइयां होटल्स’ नाम से अमेरिका में होटल श्रृंखला शुरू की जा सके.’

‘इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया और तय किया गया कि कंपनी आगामी वर्ष के लिए रिनिकीभुइयां होटल्स नाम अपनाएगी.’

खेड़ा ने दस्तावेज के अंत में ‘हृणिकीनंदी एलएलसी’ नामक एक सदस्य का उल्लेख भी दिखाया, जो इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षरकर्ता बताया गया.

उन्होंने कहा, ‘यह शर्मा परिवार द्वारा बनाई गई एक शेल कंपनी है, एच का मतलब हिमंता, रिनिकी उनकी पत्नी और नंदी उनके बेटे नंदिल हैं.’

खेड़ा ने वायोमिंग के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट की वेबसाइट खोलकर दिखाया कि हृणिकीनंदी एलएलसी वहां पंजीकृत है.

हालांकि, द वायर द्वारा उसी वेबसाइट पर जांच करने पर पता चला कि इस कंपनी का पंजीकरण केवल 3 अप्रैल को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:33 बजे किया गया था. इसे एंड्रयू पियर्स नामक व्यक्ति ने अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के रूप में दर्ज किया, जो वायोमिंग एलएलसी अटॉर्नी के सीईओ हैं और गैर-अमेरिकी नागरिकों को वहां एलएलपी बनाने में मदद करते हैं.

खेड़ा ने कहा, ‘हमने सोचा कि आखिर वायोमिंग ही क्यों? फिर हमें पता चला कि वहां गैर-अमेरिकी नागरिकों के लिए भी व्यवसाय पर टैक्स नहीं लगता.. और यह काम चुपचाप किया जा सकता है.’

शर्मा और उनकी पत्नी को ‘बंटी और बबली’ बताते हुए खेड़ा ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी रकम को टैक्स-हेवन में जमा करना और कई पासपोर्ट रखना ‘इस बात का संकेत है कि चुनाव हारने के बाद वे देश छोड़ने की योजना बना रहे हैं.’

‘शर्मा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए’

खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुबई में शर्मा की पत्नी के कथित संपत्ति के दस्तावेज भी दिखाए और सत्यापन के लिए उनके पते सार्वजनिक किए.

उन्होंने कहा, ‘सप्ताह के दिनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोते रहते हैं; उम्मीद है कि रविवार को जाग रहे होंगे और इस मामले को देखेंगे. आप पूछ सकते हैं कि संपत्ति रखने में क्या गलत है? मैं कहूंगा, कानून के अनुसार शर्मा को अपनी पत्नी की संपत्ति का भी खुलासा करना होता है. यह क्यों नहीं किया गया?’

सुप्रीम कोर्ट ने 2018 के एक ऐतिहासिक फैसले में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए अपनी, अपने जीवनसाथी और आश्रितों की आय के स्रोतों का खुलासा करना अनिवार्य किया था, ताकि राजनीति में पारदर्शिता लाई जा सके.

2022 में शीर्ष अदालत ने यह भी कहा था कि उम्मीदवार, उसके जीवनसाथी या आश्रितों की संपत्ति के बारे में गलत घोषणा ‘भ्रष्ट आचरण’ मानी जाएगी, चाहे उसका चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़े या नहीं.

हालांकि, द वायर इन दस्तावेजों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है. 

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव गोगोई ने एक्स पर लिखा कि ‘एक से अधिक पासपोर्ट रखना और संपत्तियों का खुलासा न करना गंभीर और आपराधिक है.’

उन्होंने कहा, ‘असम से उनके विदेशी बैंक खातों में कितना पैसा भेजा गया? इसकी और जांच जरूरी है. हिमंता बिस्वा शर्मा असम और भारत दोनों के लिए शर्मिंदगी बन गए हैं. उन्हें सवालों का जवाब देना होगा और अपने अपराध की कीमत चुकानी होगी.’

शर्मा और पत्नी ने आरोपों से किया इनकार

शर्मा ने एक्स पर खेड़ा के आरोपों को ‘साफ तौर पर खारिज’ किया. उन्होंने कहा, ‘ये असम के लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाए गए गढ़े हुए, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं.’

उन्होंने दोहराया, ‘मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और सिविल मानहानि के मामले दर्ज करेंगे. उनके गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा.’

एक अन्य पोस्ट में शर्मा ने कांग्रेस द्वारा दिखाए गए पासपोर्ट में कथित विसंगतियों की ओर इशारा किया, जैसे कि दस्तावेजों में ‘सरमा (Sarma)’ लिखा गया है, जबकि उनकी पत्नी आधिकारिक रूप से ‘शर्मा (Sharma)’ इस्तेमाल करती हैं. उन्होंने कहा, ‘ये असंगतियां स्पष्ट रूप से संभावित फर्जीवाड़े या डिजिटल छेड़छाड़ की ओर संकेत करती हैं, अंततः खेड़ा जेल जाएंगे.’

शर्मा ने भी एक्स पर आरोपों को खारिज करते हुए लिखा, ‘मुझे उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी का प्रवक्ता बुनियादी जांच-पड़ताल करेगा, न कि काल्पनिक पासपोर्ट और दस्तावेजों की खराब तरीके से तैयार की गई तस्वीरें प्रसारित करेगा. अब मैं कानून को अपना काम करने दूंगी. आपराधिक कार्रवाई शुरू की जा रही है. हम इस मामले को अदालत में आगे बढ़ाएंगे.’

भाजपा के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी कहा कि कांग्रेस के आरोप ‘मनगढ़ंत कहानियां’ हैं.

मुख्यमंत्री के इन आरोपों से इनकार करने के बाद खेड़ा ने एएनआई कहा कि वह आने वाले दिनों में और सबूत पेश करेंगे.

समाचार एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि असम के मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी से जुड़ी विदेशों में स्थित संपत्तियों का विवरण आधिकारिक घोषणाओं में कथित तौर पर क्यों छिपाया.

उन्होंने कहा, ‘क्या वे यह कह रहे हैं कि उनके पास दुबई में कोई संपत्ति नहीं है? क्या वे यह कह रहे हैं कि उनकी अमेरिका में कोई कंपनी नहीं है? क्या वे यह कह रहे हैं कि दुनिया में कहीं भी उनकी कोई शेल कंपनी नहीं है? हम हर दिन और भी सबूत पेश करेंगे. बहुत कुछ सामने आने वाला है. उनकी पत्नी के नाम पर दुबई में मौजूद संपत्तियों को उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में क्यों छिपाया?’