नई दिल्ली: संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से उपनेता नियुक्त होने के कुछ ही दिनों बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार (15 अप्रैल) को सांसद अशोक कुमार मित्तल से जुड़ी संपत्तियों पर छापेमारी की.
मालूम हो कि आप ने हाल ही में सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाकर यह जिम्मेदारी अशोक मित्तल को सौंपी थी. इस फैसले के महज कुछ दिनों बाद ईडी की यह कार्रवाई कई राजनीतिक मायनों में भी अहम मानी जा रही है.
खबरों के मुताबिक, जिन जगहों पर छापेमारी की गई है, उनमें पंजाब के फागवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का परिसर भी शामिल है.
मित्तल लवली ग्रुप के मालिक और विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं कुलाधिपति हैं. उनके भाई रमेश और नरेश विश्वविद्यालय के सह-मालिक हैं.
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के 10 सांसदों में से एक मित्तल 2022 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे. वे रक्षा और वित्त संसदीय समितियों के सदस्य हैं.
प्रवर्तन निदेशालय ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि मित्तल के घर पर छापा क्यों मारा जा रहा है.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, एक अज्ञात अधिकारी ने इस संबंध में बताया, ‘केंद्रीय एजेंसी ने स्थानीय पुलिस से कोई सहायता नहीं मांगी है.’
ज्ञात हो कि पिछले साल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेत़त्व वाली केंद्र सरकार ने संसद में जानकारी दी थी कि पिछले 10 वर्षों में राजनीतिक नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय के 190 से अधिक मामलों में से केवल दो में ही दोषसिद्धि हुई है.
गौरतलब है कि भाजपा के विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के नेता आर्थिक खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निशाने पर रहे हैं.
इस संबंध में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘मोदी जी ने पंजाब में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. लेकिन पंजाब की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. वे भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे.’
मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे। https://t.co/0yorKVftpM
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) April 15, 2026
वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक्स पर तंज कसते हुए लिखा-भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड..टिपिकल मोदी स्टाइल.. हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें. ‘
भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ED की रेड..typical मोदी स्टाइल..
हम भो पत्ते नहीं
जो शाख से टूट कर
गिर जाएँगे
आंधियो को कह दो अपनी औक़ात में रहें— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) April 15, 2026
गौरतलब है कि हाल ही में दो दिन पहले (13 अप्रैल) को ईडी ने पश्चिम बंगाल में कोयला घोटाले से जुड़े एक मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप के तहत इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी’ (आई-पैक) के सह-संस्थापक विनेश चंदेल को गिरफ़्तार किया है. सत्तारूढ़ टीएमसी नेताओं ने इसे चुनाव से ठीक पहले साज़िश क़रार दिया है.
आई-पैक वर्तमान में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के चुनाव अभियान का प्रबंधन कर रही है. राज्य में मतदान 23 और 29 अप्रैल को होना है.
