असम विधानसभा चुनाव: जोरहाट सीट से कांग्रेस नेता गौरव गोगोई हारे

दोपहर ढाई बजे तक के रुझानों में असम में भाजपा 78 और उसके सहयोगी दल बीपीएफ 10 और असम गण परिषद 9 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, कांग्रेस 24 सीटों पर और रायजोर दल दो सीटों पर आगे चल रहे हैं.

गौरव गोगोई (फोटो साभार: X/@GauravGogoiAsm)

नई दिल्ली: असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना ने राज्य की राजनीति को एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर ला खड़ा किया है. 126 सीटों वाली विधानसभा के लिए हुए इस चुनाव में 722 उम्मीदवार मैदान में हैं.

तीन बार के सांसद और असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई जोरहाट से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े थे. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, िगोगोई 23,182 वोटों से भाजपा प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी से हार गए. गोस्वामी को 69,439 मत मिले, जबकि गोगोई को 47,257 वोट मिले.

प्रारंभिक रुझानों में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला गठबंधन बढ़त बनाए हुए दिखाई दे रहा है. कई महत्वपूर्ण सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगी दल आगे चल रहे हैं. अब तक के रुझानों में भाजपा 78 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और तीन सीटें जीत चुकी है. विपक्षी कांग्रेस 21 सीटों पर आगे चल रही है.

असम की राजनीति में क्षेत्रीय दलों का हमेशा अहम स्थान रहा है. इस बार भी बोडो पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) और अन्य स्थानीय दल कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाते दिख रहे हैं. कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले ने परिणामों को और दिलचस्प बना दिया है. अब तक के रुझानों में बीपीएफ 9 सीटों पर आगे चल रही है और एक सीट जीत चुकी है. उसके बाद असम गण परिषद 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. ये दोनों दल भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए का हिस्सा हैं.

चुनाव आयोग के अनुसार, वहीं, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) केवल दो सीटों पर आगे चल रही है. रायजोर दल भी केवल दो सीटों – शिवसागर और धींग सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

जाकुलबारी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा 55 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं. कांग्रेस की नई उम्मीदवार बिदिशा नियोग 17 हजार से अधिक वोटों के साथ दूसरे स्थान पर है.