विपक्षी एकता की कोशिशों के बीच पिनाराई विजयन बोले- राहुल गांधी के राजनीतिक रुख़ से भाजपा को फ़ायदा, ‘इंडिया’ को नहीं

विपक्षी एकता के प्रयासों के बीच माकपा नेता और केरल के पूर्व सीएम पिनाराई विजयन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर कहा कि वह 'इंडिया' गठबंधन को मज़बूत करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, बल्कि भाजपा की मदद कर रहे हैं. विजयन ने यह भी जोड़ा कि 'इंडिया' गठबंधन आज जिस संकट का सामना कर रहा है, उसके पीछे राहुल गांधी का यही रवैया ज़िम्मेदार है. 

राहुल गांधी और पिनाराई विजयन (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि वे ऐसे राजनीतिक रुख अपना रहे हैं जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा होगा, न कि संयुक्त विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ अलायंस को मजबूती मिलेगी.

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, विजयन ने यह टिप्पणी शनिवार (13 जून) को कोझिकोड में राहुल गांधी द्वारा 9 जून को ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में दिए गए एक बयान के संदर्भ में की. 

कांग्रेस ने 12 जून को गांधी के भाषण की ऑडियो रिकॉर्डिंग और प्रतिलिपि जारी की थी. राहुल गांधी ने बैठक में कहा था, ‘हमारे बीच राजनीतिक मतभेद हैं, लेकिन अगर आप मुझसे कह रहे हैं कि मैं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री को जाकर गले लगाऊं, तो मैं ऐसा नहीं कर सकता और न ही करूंगा, क्योंकि उनके साथ मेरी राजनीतिक लड़ाई चल रही है.’

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) के वरिष्ठ नेता विजयन ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन आज जिस संकट का सामना कर रहा है, उसके पीछे राहुल गांधी का यही रवैया जिम्मेदार है. 

विजयन ने आरोप लगाया, ‘हम देख रहे हैं कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के साथ क्या हो रहा है. यह सब राहुल गांधी के रवैये का नतीजा है. वह ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, बल्कि भाजपा की मदद कर रहे हैं.’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव जैसे नेताओं ने भी कांग्रेस के इस राजनीतिक रुख पर आपत्ति जताई है.

अख़बार के अनुसार, विजयन ने यह भी कहा कि उनकी लोगों से मिलते समय उन्हें गले लगाने की आदत नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा बहुत कम बार किया है.

विजयन ने कहा, ‘अगर मेरी राहुल गांधी से मुलाकात होती है तो मैं या तो उनसे हाथ मिलाता हूं या फिर हम दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन करते हैं. लेकिन हमने उनकी एक और तस्वीर देखी है जिसमें वे मोदी को गले लगा रहे हैं. मुझे उससे कोई दिक्कत नहीं है. लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में उन्होंने जिस तरह की बात कही, उससे अलग संदेश देने की कोशिश की गई.’