नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित बिहार और मध्य प्रदेश में हुए बांकीपुर और दतिया विधानसभा उपचुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है.
चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को 19,324 मतों से हरा दिया है. इस सीट पर प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले हैं. दूसरे स्थान पर भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार हैं जिन्हें 44827 वोट मिले हैं.
वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से शिकस्त दी.
उल्लेखनीय है कि बांकीपुर सीट पटना के शहरी क्षेत्र में स्थित है और इसे भाजपा का मज़बूत गढ़ माना जाता है. इस सीट से भाजपा के नितिन नबीन विधायक थे. उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने और राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके कारण यहां उपचुनाव हुआ.
इस शहरी सीट पर उपचुनाव में लगभग 35 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2025 के विधानसभा चुनाव में यहां 41.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. उस चुनाव में नितिन नबीन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता को लगभग 52 हज़ार मतों से हराया था.
इस बार भाजपा ने नीरज कुमार, जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर और राजद ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा था. प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से यह सीट हाई-प्रोफ़ाइल बन गई थी.
हालांकि, भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनायाBY था, लेकिन उन्होंने 10 जुलाई को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया था. दिलचस्प बात यह रही कि नामांकन वापस लेने से कुछ घंटे पहले तक बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे.
इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया. नीरज 2006 से भाजपा से जुड़े हैं और दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं.
उम्मीदवार बदलने के पूरे घटनाक्रम पर प्रशांत किशोर ने कहा था कि अब जनता के पास विकल्प मौजूद है, इसलिए भाजपा को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहा है.
बांकीपुर उपचुनाव में बढ़त पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, बांकीपुर की जनता की जीत है, मतदाताओं ने भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने का संदेश दिया है.
उन्होंने कहा, ‘बिहार की जनता ऐसे व्यक्ति को राज्य का नेतृत्व करते नहीं देखना चाहती, जिसकी आपराधिक पृष्ठभूमि हो या जिसके आचरण, चरित्र और प्रतिष्ठा पर सवाल उठते हों.’
बांकीपुर में जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर की जीत पर मुख्यमंंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है. मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए श्री प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं.
वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी के पतन की शुरुआत हो चुकी है.
भगवंत सिंह ने मान ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ‘ये लोगों का जनादेश है. उन्हें (भाजपा) इसे स्वीकार करना ही होगा. उनका पतन शुरू हो चुका है. पहले वो कहते थे कि हमारी सरकार में इस्तीफ़े नहीं होते. इस्तीफ़ा भी हो गया. उनके एक मंत्री को इस्तीफ़ा देकर जाना पड़ा. आने वाले चुनावों में बीजेपी को हार का सामना करना होगा.’
दतिया सीट पर कांग्रेस की जीत
वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर सभी 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए.
भाजपा ने इस चुनाव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था. 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था.
हालांकि, अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में राजेंद्र भारती को तीन वर्ष के कारावास की सज़ा सुनाई थी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराया गया.
मालूम हो कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व और पार्टी के चुनावी प्रबंधन की भी इस उपचुनाव के ज़रिए परीक्षा मानी जा रही थी.
वहीं, कांग्रेस के लिए भी यह चुनाव अहम माना जा रहा था. पार्टी पिछले लगभग एक वर्ष से संगठन को मज़बूत करने और नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर ज़ोर दे रही है. कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया, जबकि आज़ाद समाज पार्टी ने दामोदर सिंह यादव को मैदान में उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की. हालांकि, मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा.
इस उपचुनाव के नतीजों से प्रदेश सरकार की स्थिरता या विधानसभा में बहुमत पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन अगले वर्ष प्रस्तावित नगर निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर इनका प्रभाव पड़ सकता है.
दतिया की जीत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जीत कांग्रेस की सामूहिक तपस्या का परिणाम है!यह जननेता राहुल जी के नेतृत्व की जीत है.
