नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सोमवार (3 जुलाई) को तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कांवड़ियों ने एक मामूली दुर्घटना के बाद कथित तौर पर एक स्कूल वैन पर हमला कर दिया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि यह घटना चरक क्रॉसिंग पर हुई. स्कूल वैन के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे चल रही कांवड़ियों की एक मोटरसाइकिल वैन से टकरा गई.
पुलिस का कहना है कि इस टक्कर से गुस्साए कांवड़ियों ने कथित तौर पर वैन के पिछले शीशे और साइड मिरर पर मुक्के मारकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए.
सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शुभम कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और घटना के वीडियो के आधार पर तीनों मोटरसाइकिलों के पंजीकरण नंबरों की पहचान कर ली गई है. उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि, एएसपी ने उन खबरों का खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर पथराव किया था.
उन्होंने बताया कि युवकों के कांवड़िया होने का अनुमान उनके पहनावे और उनके पास मौजूद कांवड़ यात्रा में उपयोग किए जाने वाले पवित्र जल के पात्रों के आधार पर लगाया गया.
चौक थाना के प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय ने बताया कि घटना के समय वैन में कई नाबालिग स्कूली बच्चे मौजूद थे, लेकिन उनमें से किसी को भी चोट नहीं आई.
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक महिला, जिसने खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताया, दावा करती है कि युवकों के एक समूह ने जानबूझकर वाहन पर हमला किया, गाली-गलौज की और फिर वहां से भाग निकले.
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही एक टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया. प्रारंभिक जांच में पता चला कि स्कूल वैन की तीन मोटरसाइकिलों में से एक के साथ मामूली टक्कर हुई थी. पुलिस के अनुसार, बारिश के कारण वैन चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके चलते पीछे चल रही एक मोटरसाइकिल वैन से टकरा गई.
इस टक्कर के बाद वैन चालक और मोटरसाइकिल सवारों के बीच कहासुनी हुई. इसी दौरान कुछ कांवड़ियों ने कथित तौर पर वैन पर जोरदार हमला किया, जिससे उसका साइड मिरर और पीछे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.
पुलिस ने बताया कि चौराहे से कुछ ही दूरी पर तैनात पुलिसकर्मी शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल सवार फरार हो चुके थे. आरोप है कि जाते समय उन्होंने वैन चालक को धमकी भी दी.
कई और ज़िलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश
बता दें कि कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों और कॉलेजों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया गया है. अब गाज़ियाबाद और बागपत में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और टेक्निकल संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
गाज़ियाबाद में शिक्षण संस्थानों को 4 अगस्त से 12 अगस्त तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है. यह आदेश ज़िले भर में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटी और टेक्निकल संस्थानों पर लागू होता है.
इस आदेश में बेसिक शिक्षा बोर्ड, उत्तर प्रदेश बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से जुड़े संस्थान शामिल हैं. कई रास्तों पर कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही की सूचना मिलने के बाद ज़िला प्रशासन ने यह आदेश जारी किया.
गाज़ियाबाद के अधिकारियों ने संस्थानों को उन परीक्षाओं को आयोजित करने की अनुमति दी है जो बंद की घोषणा से पहले ही तय हो चुकी थीं.
बागपत प्रशासन ने 3 अगस्त से 12 अगस्त के बीच कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है. यह आदेश ज़िला मजिस्ट्रेट अस्मिता लाल के निर्देशों के बाद ज़िला स्कूल निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने जारी किया. यह आदेश सभी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से जुड़े संस्थानों पर लागू होता है.
इसी तरह उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश में भी 30 जुलाई से 11 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया गया है.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सोमवार को घोषणा की है कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 4 से 12 अगस्त तक नमो भारत ट्रेन के 17 स्टेशनों के कई प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे. इन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी सीमित रहेगी.
ज्ञात हो कि इससे पहले मेरठ जिला प्रशासन ने 3 अगस्त से 10 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं.
इसी तरह मुज़फ्फरनगर में भी 3 से 10 अगस्त तक स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है. बरेली में जिला प्रशासन ने सावन में हर सोमवार को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है. एटा जिले में सावन के हर शनिवार और सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया गया है. इसी तरह बदायूं जिले में भी जिला प्रशासन ने आदेश दिया है कि कक्षा एक से 12 तक हर शनिवार और सोमवार को बंद रखा जाए.
मुरादाबाद जिला प्रशासन ने सावन महीने के पहले सोमवार यानी 3 अगस्त को नर्सरी से लेकर सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्देश दिया है, साथ ही आदेश का कड़ाई पालन करने के लिए कहा.
