एमपी: भाजपा विधायक बोले- मिसाइल छोड़ो तो ‘क़ाज़ी कैंप’ पर गिरे, कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

भोपाल के हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित एक मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान कहा कि 'करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो क़ाज़ी कैंप में जाकर गिरे.' क़ाज़ी कैंप भोपाल का एक मुस्लिम बहुल इलाका है. बाद में शर्मा ने कहा कि वे भोपाल की नहीं इस्लामाबाद के इलाके की बात कर रहे थे. उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब सीएम मोहन यादव निवेश संबंधी दौरे पर यूएई गए हुए हैं.

भोपाल के हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा. (फोटो साभार: फेसबुक)

भोपाल: मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के भोपाल में दिए गए एक बयान को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है. शर्मा ने रविवार (6 सितंबर) को जन्माष्टमी के मौके पर करोंद इलाके में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान कहा कि ‘करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे.’

भोपाल का काजी कैंप मुस्लिम बहुल इलाका है. बयान सामने आने के बाद विवाद बढ़ने पर भोपाल की हुजूर विधानसभा के विधायक शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप से था.

हालांकि, बयान की आलोचना करने वालों ने दावा किया है कि इस्लामाबाद में ऐसा कोई इलाका नहीं है. इंटरनेट पर सर्च किए जाने पर भी इस्लामाबाद में कोई ऐसी जगह होने की जानकारी नहीं मिलती है.

उक्त कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद, पाकिस्तान और आतंकवाद का जिक्र करते हुए कई अन्य टिप्पणियां भी कीं. उन्होंने कहा, ‘मुल्ला और मौलवियों को बता दो, जब तुम्हें गंगा का पानी पीना पड़ता है, जब इस धरती का तुम गेहूं खाते हो, जब तुम यहां का नमक खाते हो, अरे कुछ तो सुधर जाओ. इतनी बेईमानी क्यों करते हो? मातृभूमि की वंदना भी करना चाहिए. बताओ, करना चाहिए कि नहीं? अगर तुम अशफाक उल्ला खान बनोगे तो हम तुम्हें सलाम करेंगे. अगर तुम एपीजे अब्दुल कलाम बनोगे तो हम तुम्हें मिसाइल मेकर के रूप में सलाम करेंगे. अगर तुम आतंकवादी बनोगे तो हम तुम्हें ऐसा घसीटकर निपटाएंगे कि दोबारा आतंकवादी पैदा भी नहीं हो पाएंगे.’

इसके आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा, ‘मोदी जी ने सर्जिकल स्ट्राइक की. जब हिंदुस्तान में लोग कहते थे कि सुई बनाना नहीं जानते, तो मोदी जी ने कहा कि हम मिसाइल बनाएंगे. जैसे तुम करोंद के चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप पर गिरा दो.’

इसके तुरंत बाद उन्होंने कहा, ‘वैसे ही, अरे, मैंने यहां का काजी कैंप नहीं बोला, इस्लामाबाद वाला बोला था.’

शर्मा ने आतंकवाद और पाकिस्तान का जिक्र करते हुए आगे कहा, ‘जब हमारे (यहां) आतंकवादियों ने हमला किया, जब हमारी निर्दोष बहनों का सिंदूर उड़ाने की कोशिश की, तो हमने आतंकवादियों के बाप-दादा या अब्बा-अब्बी, सबको बता दिया कि एक दिन ऐसा आएगा. और वह ज्यादा दिनों में नहीं, 48 घंटे में आएगा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘धरती हमारी होगी, मिसाइल हमारी होगी और बम तुम्हारे द्वार पर गिरेगा.’

‘इस्लामाबाद में होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं’

कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने हिंदू एकता को मटकी फोड़ प्रतियोगिता से आगे ले जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को विभिन्न स्तरों पर एकजुट रहना चाहिए.

पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी. उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में मटकी फोड़ने के लिए पहले वहां की ‘मटकी’ फोड़नी पड़ेगी.

कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की

शर्मा के बयान पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कार्रवाई की मांग की है.

कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने द वायर हिंदी से कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपने ही शहर की एक बस्ती का नाम लेकर मिसाइल गिराने की बात करना गंभीर मामला है.

उन्होंने कहा, ‘मेरा पहला सवाल यह है कि सत्ता पक्ष के एक भाजपा विधायक एक हिंदू समुदाय के कार्यक्रम में अपने ही शहर की एक बस्ती का नाम लेकर कहते हैं कि यहां से मिसाइल छोड़ोगे तो वहां जाकर गिरेगी. इसके बाद जब उन्हें लगा कि उनके बयान को लेकर सवाल उठ रहे हैं और पूरा मामला तूल पकड़ रहा है, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह इस्लामाबाद के काजी कैंप की बात कर रहे थे. जबकि इस्लामाबाद में काजी कैंप नाम की कोई जगह है ही नहीं.’

हाफिज ने मुख्यमंत्री से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए पूछा कि क्या विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री महोदय को स्पष्ट करना चाहिए कि इस बयान पर सरकार का क्या रुख है. क्या मुख्यमंत्री अपने ही शहर में एक बस्ती को निशाना बनाकर मिसाइल दागने की बात करने वाले अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे या नहीं?’

हाफिज ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समय यूएई में हैं और वहां निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘ऐसे में इस तरह के बयानों का निवेशकों पर क्या असर पड़ेगा? अगर हम मध्य-पूर्व के देशों से निवेश की उम्मीद कर रहे हैं, तो मुख्यमंत्री को इस मामले में एक मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आने वाले लोगों और समुदायों के प्रति सरकार का रवैया सकारात्मक और सुरक्षित है.’

कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने भी शर्मा के भाषण पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे भड़काऊ बताते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की बयानबाजी समाज में विभाजन पैदा करती है.

कांग्रेस के प्रवक्ता राहुल राज ने सोशल मीडिया पर शर्मा का वीडियो पोस्ट करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘एक तरफ संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी कहते हैं ‘मुसलमानों से नफरत करने वाला हिंदू हो ही नहीं सकता’, दूसरी तरफ भाजपा विधायक भोपाल के काजी कैंप पर मिसाइल दागने की बात करते हैं. यही है भाजपा और संघ का असली दोहरा चरित्र.

उन्होंने आगे लिखा, ‘रामेश्वर शर्मा जी जैसे वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी से इतिहास-भूगोल पढ़ने वालों को बता दें कि पृथ्वी, अग्नि जैसी मिसाइलों की नींव दशकों पहले देश में रखी जा चुकी थी, अग्नि का पहला सफल परीक्षण 22 मई 1989 में राजीव गांधी जी के प्रधानमंत्री रहते हो चुका था, मोदी जी तो 2014 में आए हैं.  और इस्लामाबाद में काजी कैंप नाम की कोई जगह है ही नहीं इसलिए भोपाल शहर के सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की आपकी मानसिकता जगजाहिर हो चुकी है.’

उन्होंने सवाल किया कि ‘अब नरेंद्र मोदी जी और मोहन यादव जी ये बताएं क्या इस भड़काऊ भाषण के विरुद्ध कोई कार्यवाही होगी?’

मुख्यमंत्री निवेशकों को कर रहे हैं आमंत्रित

शर्मा के बयान पर विवाद ऐसे समय हुआ है जब मुख्यमंत्री मोहन यादव संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दौरे पर हैं. सोमवार को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित एआईएम कांग्रेस-2026 में उन्होंने वैश्विक निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत के विशाल घरेलू बाजार के केंद्र में स्थित है और मजबूत कनेक्टिविटी, विकसित औद्योगिक आधार तथा निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है.

उन्होंने निवेशकों को हर स्तर पर प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी.

शर्मा का विवादित बयानों का इतिहास

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद ‘लाहौर में बैठे मुल्ला-मौलवी भी वंदे मातरम बोलेंगे.’

इसी वर्ष राजगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को हराकर ‘सीमा के पार इस्लामाबाद भेजने‘ की बात कही थी.

जून 2026 में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर चर्चा के दौरान भी शर्मा के एक बयान को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने मुस्लिम परिवारों और बच्चों की संख्या को लेकर टिप्पणी की थी.

इस बीच, मौजूदा बयान को लेकर शर्मा से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला.

(शुरैह नियाज़ी स्वतंत्र पत्रकार हैं और भोपाल में रहते हैं.)