वर्ष 2019 से 2021 तक देशभर से 10 लाख से अधिक महिलाएं लापता: एनसीआरबी

एनसीआरबी की आंकड़ों के अनुसार, देश भर में 2019 से 2021 तक कुल 10,61,648 महिलाएं लापता हो गईं. इसी अवधि में 2,51,430 लड़कियां भी ग़ायब हुई हैं. देश भर में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं, जहां से इस अवधि में सबसे ज़्यादा लड़कियां और महिलाएं ग़ायब हुईं.

(इलस्ट्रेशन: परिप्लब चक्रवर्ती/द वायर)

एनसीआरबी की आंकड़ों के अनुसार, देश भर में 2019 से 2021 तक कुल 10,61,648 महिलाएं लापता हो गईं. इसी अवधि में 2,51,430 लड़कियां भी ग़ायब हुई हैं. देश भर में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं, जहां से इस अवधि में सबसे ज़्यादा लड़कियां और महिलाएं ग़ायब हुईं.

(इलस्ट्रेशन: परिप्लब चक्रवर्ती/द वायर)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने भारत में लापता महिलाओं और लड़कियों की संख्या पर एक ताजा आंकड़ा जारी किया है. एनसीआरबी के आंकड़ों के हवाले से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि अकेले साल 2021 में देशभर से 18 साल से अधिक उम्र की 3,75,058 महिलाएं लापता हो गईं.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं, जहां से 2019 से 2021 तक सबसे ज्यादा लड़कियां और महिलाएं गायब हुईं.

आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश से साल 2019 में 52,119, 2020 में 52,357 और 2021 में साल 55,704 महिलाएं, वहीं महाराष्ट्र में साल 2019 में 63,167, 2020 में 58,735 और साल 2021 में 56,498 महिलाएं लापता हो गईं.

वर्ष 2021 में कुल 90,113 लड़कियां (जो 18 वर्ष से कम उम्र की हैं) गायब हो गईं, जिनमें सबसे अधिक 13,278 पश्चिम बंगाल से थीं.

कुल मिलाकर देश भर में साल 2019 से 2021 तक कुल 10,61,648 महिलाएं लापता हो गईं. इसके साथ ही इसी अवधि में 2,51,430 लड़कियां गायब हो गईं.

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच और अभियोजन सहित कानून और व्यवस्था बनाए रखना संबंधित राज्य सरकारों की जिम्मेदारी है.’

इसमें यौन अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 2013 के अधिनियमन सहित महिलाओं की सुरक्षा के लिए केंद्र द्वारा की गई पहलों की संख्या का उल्लेख किया गया है.