कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चंद्रयान-3 की सफलता के बाद सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आप टीवी पर आने और लैंडिंग के बाद श्रेय लेने के लिए तत्पर थे, लेकिन आपकी सरकार वैज्ञानिकों और इसरो का समर्थन करने में इतनी बुरी तरह विफल क्यों रही.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चंद्रयान-3. (फोटो साभार: पीआईबी)

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चंद्रयान-3 की सफलता के बाद सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आप टीवी पर आने और लैंडिंग के बाद श्रेय लेने के लिए तत्पर थे, लेकिन आपकी सरकार वैज्ञानिकों और इसरो का समर्थन करने में इतनी बुरी तरह विफल क्यों रही.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चंद्रयान-3. (फोटो साभार: पीआईबी)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चंद्रयान-3 की सफलता के बाद सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया. पार्टी ने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि का सारा श्रेय मिशन के पीछे के वैज्ञानिकों को जाता है.

भारत का चंद्रयान-3 एक महीने और 9 दिनों की अंतरिक्ष यात्रा के बाद बीते बुधवार (23 अगस्त) को शाम 6:03 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में ऐतिहासिक सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल रहा. इसके साथ ही भारत चंद्रमा की सतह पर ऐसा करने वाला चौथा और इसके दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने वाला पहला देश बन गया है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह मिशन 14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था.

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, इसरो चेयरमैन को लिखे पत्र में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि वह उन्हें यह बताने के लिए लिख रही हैं कि वह बुधवार को इसरो की शानदार उपलब्धि से कितनी रोमांचित हैं. उन्होंने कहा, ‘यह सभी भारतीयों, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए बहुत गर्व और उत्साह की बात है.’

गांधी ने कहा कि, ‘अंतरिक्ष अनुसंधान एजेंसी की उत्कृष्ट क्षमताएं दशकों में विकसित हुई हैं.’

यह कहते हुए कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का उत्साह और गौरव ‘लंबे समय तक हमारे साथ रहेगा’, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल साइट एक्स (पूर्व नाम ट्विटर) पर इस सफलता की ‘सुर्खियां बटोरने’ के लिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ‘हालांकि प्रधानमंत्री को अपने पाखंड के लिए कुछ जवाब देना चाहिए. आप स्क्रीन पर आने और लैंडिंग के बाद श्रेय लेने के लिए तत्पर थे, लेकिन आपकी सरकार वैज्ञानिकों और इसरो का समर्थन करने में इतनी बुरी तरह विफल क्यों रही.’

कांग्रेस नेता ने पूछा कि चंद्रयान-3 लॉन्च पैड पर काम करने वाले हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के इंजीनियरों को पिछले 17 महीनों से वेतन क्यों नहीं मिला है.

उन्होंने कहा, ‘आपने ऐसे महत्वपूर्ण मिशनों के लिए बजट में 32 प्रतिशत की कटौती क्यों की? ये हमारे देश के हीरो हैं, ये विश्वस्तरीय अंतरिक्ष अनुसंधान कार्यक्रम चलाते हैं, लेकिन आपको इनकी प्रतिभा और मेहनत की कोई कद्र नहीं है. जले पर नमक छिड़कने के लिए आप तब सुर्खियों में आए जब वह क्षण वैज्ञानिकों की उपलब्धियों के बारे में था.’

इससे संबंधित खबरों के स्क्रीनशॉट को भी उन्होंने अपने इस ट्वीट के साथ शेयर किया है.

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘कल (बुधवार) देश के लिए गर्व का क्षण था, क्योंकि चंद्रयान चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा. लेकिन सरकार को यह देखना होगा कि उन्होंने इस क्षेत्र को कितनी प्राथमिकता दी है. इंजीनियरों को वेतन नहीं मिल रहा है और बजट में भी कटौती की गई है.’

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस क्षेत्र में देश की प्रगति की निरंतरता को उजागर करने के लिए विक्रम साराभाई जैसे भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के दिग्गजों के साथ जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की कई तस्वीरें भी साझा कीं.