पहलगाम हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा- कश्मीर में ये सब हज़ार सालों से चल रहा है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई एक हजार सालों से चल रही है. ज्ञात हो कि पाकिस्तान 77 साल पहले बना था.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो साभार: फेसबुक)

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई एक हजार सालों से चल रही है.

मालूम हो कि पाकिस्तान 77 साल पहले ही बना था. ब्रिटिश राज से 1947 में आजादी मिलने के साथ ही भारत का विभाजन भी हुआ था. भारत को दो स्वतंत्र राष्ट्रों- भारत और पाकिस्तान में विभाजित कर दिया गया.

ट्रंप के रोम जाते समय एयरफोर्स वन में सवार ट्रंप से एक पत्रकार ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वह भारत और पाकिस्तान दोनों के करीब हैं.

ह्वाइट हाउस द्वारा जारी ऑडियो के अनुसार, ट्रंप ने कहा, ‘मैं भारत के बहुत करीब हूं, और मैं पाकिस्तान के भी बहुत करीब हूं, और वे कश्मीर में एक हज़ार साल से लड़ रहे हैं. कश्मीर एक हज़ार साल से चल रहा है, शायद उससे भी ज़्यादा समय से. वह एक बुरा हमला (आतंकवादी हमला) था.’

उन्होंने कहा, ‘यह ऐसा ही रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि वे इसे किसी न किसी तरह से सुलझा लेंगे. मैं दोनों नेताओं को जानता हूं. पाकिस्तान और भारत के बीच बहुत तनाव है, लेकिन हमेशा से रहा है.’

2019 में राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने में इच्छा व्यक्त की थी. जैसा कि द वायर ने तब रिपोर्ट किया था कि उन्होंने बार-बार इच्छा व्यक्त की थी कि कश्मीर में भारत और पाकिस्तान के बीच ‘विस्फोटक स्थिति’ पर ‘मध्यस्थता करने या कुछ करने के लिए कहा था कि ‘मैं अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा’, ‘आपके पास लाखों लोग हैं जो दूसरों द्वारा शासित होना चाहते हैं.’

ट्रंप ने तब कहा था, ‘कश्मीर एक बहुत ही जटिल जगह है. यहां हिंदू और मुसलमान रहते हैं और मैं यह नहीं कहूंगा कि वे एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छे से रहते हैं.’

22 अप्रैल को पहलगाम में लश्कर-ए-तैयबा की शाखा टीआरएफ द्वारा किए गए आतंकी हमले के परिणामस्वरूप भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है, भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने की कसम खाई है जबकि पाकिस्तान ने कहा है कि इसे युद्ध की कार्रवाई के रूप में लिया जाएगा. कुछ अपवादों को छोड़कर दोनों देशों ने एक-दूसरे के नागरिकों के मौजूदा वीजा रद्द कर दिए हैं.