भारत-पाक संघर्ष: वायुसेना का देश को हुए नुकसान पर टिप्पणी से इनकार, कहा- नुक़सान युद्ध का हिस्सा

एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि भारत अभी सैन्य संघर्ष की स्थिति में है और नुकसान लड़ाई का हिस्सा होता है. उन्होंने रफाल विमान को लेकर कोई टिप्पणी से इनकार करते हुए कहा कि भारत ने अपने सभी सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए हैं और सभी पायलट सुरक्षित लौट आए हैं.

ऑपरेशन सिंदूर पर सैन्य अधिकारियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस. (फोटो: पीआईबी लाइव स्ट्रीम से स्क्रीनशॉट)

नई दिल्ली: पाकिस्तान द्वारा भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने के दावे के बीच भारत और पाकिस्तान के बीच बीते सप्ताह हुए सैन्य टकराव में सशस्त्र बलों को हुए नुकसान के बारे में पूछे जाने पर एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि ‘हम सैन्य संघर्ष की स्थिति में हैं और नुकसान लड़ाई का हिस्सा होता है.’ लेकिन उन्होंने कोई भी विवरण साझा करने से इनकार कर दिया.

इस्लामाबाद के दावे के बीच अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी अटकलें और रिपोर्टिंग हुई हैं, जिनमें खुफिया सूत्रों का हवाला देते हुए कहा गया कि एक या अधिक भारतीय रफाल लड़ाकू विमान गिराए जाने की आशंका है.

रक्षा मंत्रालय द्वारा रविवार (11 मई) को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर मार्शल ने कहा, ‘जो सवाल आपको हमसे पूछना चाहिए — या कहें कि हम सब को खुद से पूछना चाहिए — वह यह है कि क्या हमने अपना लक्ष्य हासिल किया, यानी उनके आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया है?’

उन्होंने आगे कहा, ‘इसका जवाब ‘हां’ है. और परिणाम पूरी दुनिया के सामने हैं.’

भारत को क्या और कितना नुकसान हुआ है, इस बारे में उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, ‘क्योंकि हम अभी भी सैन्य संघर्ष की स्थिति में हैं और अगर मैं कुछ कहता हूं, तो उसका फायदा सिर्फ दुश्मन को मिलेगा.’

एयर मार्शल भारती ने कहा, ‘मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हमने अपने चुने हुए लक्ष्य हासिल कर लिए हैं और हमारे सभी पायलट सुरक्षित वापस आ गए हैं.’