नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा है कि भारत के साथ चले संघर्ष के बाद पाकिस्तान में किसी भी परमाणु संयंत्र से ‘कोई विकिरण (रेडिएशन) रिसाव’ नहीं हुआ है.
आईएईए के प्रवक्ता ने अखबार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ‘आप जिन रिपोर्ट्स का जिक्र कर रहे हैं, हम उनसे वाकिफ हैं. आईएईए के पास उपलब्ध जानकारी के आधार पर पाकिस्तान में किसी भी परमाणु संयंत्र से कोई रेडिएशन रिसाव या उत्सर्जन नहीं हुआ है.’
ज्ञात हो कि इससे पहले भारतीय वायुसेना ने कहा था कि भारत ने पाकिस्तान के किराना हिल्स में किसी भी लक्ष्य को निशाना नहीं बनाया है, जहां कथित तौर पर परमाणु प्रतिष्ठान हैं.
वियना स्थित परमाणु निगरानी संस्था आईएईए एक घटना एवं आपातकालीन केंद्र भी चलाती है, जो रेडिएशन घटनाओं एवं आपात स्थितियों पर प्रतिक्रिया करते समय अंतरराष्ट्रीय सहायता के समन्वय का केंद्र बिंदु है.
इससे पहले एयर मार्शल एके भारती ने 12 मई को कहा था कि भारतीय वायुसेना ने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है. वह सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों से जुड़े एक सवाल के जवाब में बोल रहे थे कि भारत ने पिछले सप्ताह चार दिनों के सैन्य गतिरोध के दौरान पाकिस्तान के परमाणु ढांचे वाले स्थल पर हमला किया था.
उन्होंने कहा, ‘हमें यह बताने के लिए धन्यवाद कि किराना हिल्स में कुछ परमाणु प्रतिष्ठान हैं. हमें इसके बारे में पता नहीं था. हमने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है. मैंने कल अपनी ब्रीफिंग में इस बारे में जानकारी नहीं दी थी.’
एक दिन बाद 13 मई को वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी विदेश विभाग की प्रेस ब्रीफिंग में प्रधान उपप्रवक्ता थॉमस पिगोट से भी कथित रेडिएशन लीक के विषय पर एक प्रश्न पूछा गया.
पिगोट ने कहा था, ‘इस समय मेरे पास इस पर पूर्वावलोकन करने के लिए कुछ भी नहीं है.’
