नई दिल्ली: पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय देने की उत्सुकता में भारतीय जनता पार्टी शासित मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री ने शुक्रवार (16 मई) को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि देश की सेना और उसके जवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं.
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब भाजपा पर आरोप लग रहे हैं कि पार्टी ने ऑपरेशन सिंदूर का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में पूरे देश में भारत शौर्य तिरंगा यात्राएं शुरू की हैं. इस यात्रा में भाजपा नेता पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा कर रहे हैं. वहीं इस कार्रवाई के लिए पीएम मोदी को भी श्रेय दिया जा रहा है, जो 2019 में बालाकोट हवाई हमलों के बाद भाजपा की रणनीति जैसा ही लगता है.
मालूम हो कि जबलपुर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए देवड़ा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले का जवाब पाकिस्तान में हवाई हमलों से देने को लेकर पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की.
देवड़ा ने कहा, ‘मैं हमारे गौरवशाली प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं. पूरा देश, देश की सेना और उसके सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उन्होंने (पाकिस्तान को) जो मुंहतोड़ जवाब दिया है, उसके लिए जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है.’
उन्होंने दर्शकों से मोदी के लिए ताली बजाने का भी आग्रह किया.
बता दें कि ये घटनाक्रम ऐसे समय में देखने को मिल रहा है, जब भाजपा ऑपरेशन सिंदूर के राजनीतिकरण को लेकर पहले से ही आलोचनाओं का सामना कर रही है.
ज्ञात हो कि हाल ही में मध्य प्रदेश में पार्टी के एक मंत्री कुंवर विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैश को ‘आतंकवादियों की बहन’ कहा था.
ताज़ा मामले में देवड़ा के बयान की कांग्रेस पार्टी ने आलोचना करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनकी टिप्पणी को ‘घटिया और शर्मनाक’ बताया. कांग्रेस ने इसके लिए मंत्री और भाजपा दोनों से माफी की मांग की है.
कांग्रेस ने अपने हैंडल से कहा, ‘यह सेना के शौर्य और साहस का अपमान है. जब पूरा देश आज सेना के सामने नतमस्तक है, तब भाजपा नेता हमारी बहादुर सेना के बारे में अपनी घटिया सोच जाहिर कर रहे हैं.’
देवड़ा की तरह स्पष्ट और बेबाक नहीं, लेकिन दबे स्वर में कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी मोदी को ऑपरेशन सिंदूर की ‘सफलता’ से जोड़ा है.
मालूम हो कि 14 मई को लखनऊ में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सशस्त्र बलों और उसके ‘बहादुर जवानों’ को उनकी ‘वीरता और साहस’ के लिए सम्मानित किया. हालांकि, उसी सांस में आदित्यनाथ ने पूरे राज्य की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर की सफलता’ के लिए मोदी का आभार भी व्यक्त किया.
आदित्यनाथ ने कहा कि यात्राएं तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करने, हमारे सैनिकों को ‘सर्वोच्च सम्मान’ देने और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने का एक तरीका हैं.
आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने ऑपरेशन के दौरान देश को एकजुट रखा और सशस्त्र बलों को ‘प्रोत्साहित’ करने के लिए आदमपुर एयर बेस का दौरा भी किया.
भाजपा के यूपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान पर हमला करने और आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए सशस्त्र बल को दी गई खुली छूट की प्रशंसा की.
उन्होंने कहा, ‘एक समय था जब देश में आतंकी घटनाएं आम बात थी. लेकिन कार्रवाई के नाम पर हमें केवल ‘कड़ी निंदा’ से ही काम चलाना पड़ता था. लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया की कोई भी ताकत भारत की सेना के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं जुटा सकती. पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने इस बड़ी सैन्य कार्रवाई से दुनिया को साफ संदेश दिया है कि अब पाकिस्तान से बातचीत सिर्फ पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) और आतंकवाद पर ही होगी.’
आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए सशस्त्र बलों के साथ-साथ मोदी को धन्यवाद देने के लिए एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया है.
कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान प्रस्ताव पढ़ते हुए यूपी के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह ‘प्रधानमंत्री मोदी और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रस्ताव है.’
खन्ना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश को नेतृत्व प्रदान करने के लिए मोदी की प्रशंसा की.
खन्ना ने कहा, ‘पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है. यह ऑपरेशन हमारी ताकत और एकजुटता और राष्ट्र की रक्षा के लिए हमारे सामूहिक संकल्प का सबूत था. लेकिन यह तभी संभव हो सका जब हमारे प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सेना को पूरी छूट दी.’
गुरुवार को भोपाल में तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मोदी का जिक्र करते हुए संदेश दिया कि कैसे पीएम के नाम ने पाकिस्तानी सेना और आतंकवादियों दोनों को परेशान कर दिया है.
यादव ने कहा, ‘आतंकवादियों ने (पहलगाम हमले के दौरान) मोदी का नाम लिया था. ‘जरा बता देना मोदी को’. और हम सभी ने आतंक के ताबूत पर पाकिस्तान का झंडा लपेटा हुआ देखा. पाक सेना और आतंकवादी सभी ‘हाय मोदी, हाय मोदी’ कर रहे थे. उस दिन हमें 56 इंच का सीना देखने को मिला. यह हमारे लिए खुशी की बात थी.’
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए यादव ने यह भी कहा कि यह मोदी के नेतृत्व में नया भारत है, जो भारत माता के स्वाभिमान और अस्मिता पर आंच आने पर दुश्मन की सीमा में घुसकर हमला करता है.
भाजपा शासित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सेना की वर्दी पहने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हाथ में लेकर तिरंगा यात्रा निकाली.
धामी ने कहा, ‘देहरादून की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का समंदर इस बात का सबूत है कि जब मातृभूमि की बात आती है तो उत्तराखंड की सैन्य भूमि का हर नागरिक एकजुट होता है. आज देश का हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और हमारे वीर जवानों की बहादुरी पर गर्व महसूस कर रहा है.’
(इस खबर को अंग्रज़ी में पढ़ने के लिए यहांं क्लिक करें.)
