नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके पूर्व सलाहकार एलन मस्क के बीच रिश्ते अब सार्वजनिक रूप से बिगड़ते नज़र आ रहे हैं.
जब ट्रंप ने ह्वाइट हाउस में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिख मर्ज का स्वागत किया, तो उन्होंने एलन मस्क पर नाराज़गी जताई. यह नाराज़गी मस्क द्वारा ट्रंप के टैक्स और खर्च वाले बिल की सार्वजनिक आलोचना को लेकर थी, जो अभी सीनेट में मंजूरी के लिए गया है.
ट्रंप-मस्क संबंधों में दरार
ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि एलन मस्क के साथ उनका ‘बेहतरीन रिश्ता’ अब पहले जैसा रहेगा या नहीं, क्योंकि मस्क ने सोशल मीडिया पर उनके बिल को ‘घिनौना और बेहद खराब’ बताया है.
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, ‘देखिए, एलन और मेरा रिश्ता बहुत अच्छा था. अब वैसा रहेगा या नहीं, मैं नहीं जानता.’
ट्रंप ने दावा किया कि मस्क इस बिल का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इसमें इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए मिलने वाली टैक्स छूट खत्म कर दी गई है, जिससे टेस्ला को नुकसान हो सकता है.
बाद में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि मस्क ‘पागल हो गया’ क्योंकि ‘मैंने उसकी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की अनिवार्यता खत्म कर दी.’
हालांकि मस्क का कहना है कि वह इस बिल का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इससे अमेरिका का संघीय घाटा बढ़ेगा. उन्होंने बुधवार को एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, ‘कांग्रेस अमेरिका को दीवालिया बना रही है.’
बुधवार शाम को मस्क ने ऐसे कई तीखे पोस्ट किए. इसके बाद उनके पोस्ट राजनीति से हटकर निजी हमलों की तरफ मुड़ गए, जिसमें उन्होंने ट्रंप का नाम यौन अपराधी जेफ़्री एपस्टीन से जोड़ दिया.
मस्क का दावा: ट्रंप एपस्टीन फाइल्स में शामिल
बुधवार देर रात मस्क ने पोस्ट किया, ‘अब वक्त आ गया है असली बड़ा धमाका करने का: डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइल्स में है. यही असली वजह है कि ये फाइलें सार्वजनिक नहीं हुईं. गुड नाइट, डी.जे.टी!’
हालांकि मस्क ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया.
एक बेहद अमीर यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ ट्रंप के पुराने संबंध पहले भी मीडिया में रिपोर्ट हुए हैं. एपस्टीन ने ट्रायल का सामना करने से पहले जेल में आत्महत्या कर ली थी.
ट्रंप ने कहा है कि वे एपस्टीन से करीब 15 साल पहले अलग हो गए थे और उन्होंने एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के सार्वजनिक होने का कभी विरोध नहीं किया है.
ये फाइलें उसके यौन तस्करी मामले से जुड़ी हैं और फिलहाल अमेरिकी न्याय विभाग के अधीन समीक्षा में हैं.
सरकारी अनुबंधों पर ट्रंप की धमकी
ट्रंप ने अभी तक मस्क के एपस्टीन संबंधी दावों पर कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन बुधवार देर रात उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मस्क के सरकारी अनुबंधों को खत्म करना ही बजट में बचत का सबसे आसान तरीका है.
उन्होंने कहा, ‘हमारे बजट में अरबों-खरबों डॉलर बचाने का सबसे आसान तरीका है – एलन की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स को खत्म करना. मुझे हमेशा हैरानी होती थी कि बाइडन ने ऐसा क्यों नहीं किया!’
ट्रंप ने लिखा कि मस्क ‘अब बर्दाश्त के बाहर’ होता जा रहा है.
ट्रंप की मुहिम में मस्क की बड़ी भूमिका
एलन मस्क ने ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने की मुहिम में कम से कम 250 मिलियन डॉलर (€218 मिलियन) खर्च किए थे और उन्हें ‘डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी’ (DOGE) का प्रमुख भी बनाया गया था, जिसका मकसद सरकारी खर्च में कटौती करना था.
करीब एक हफ्ता पहले, ट्रंप ने ओवल ऑफिस में मस्क को विदाई दी थी, जहां मस्क की आंख के पास चोट के निशान देखे गए थे. मस्क ने कहा था कि यह चोट उनके छोटे बेटे की वजह से लगी है.
