रात भर हुई बारिश से कोलकाता जलमग्न, करंट लगने से तीन की मौत

कोलकाता में बीती रात भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है. करंट लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है. शहर ठप हो गया है, स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, ट्रेन-मेट्रो सेवाएं प्रभावित हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं. मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक अलर्ट जारी किया है.

23 सितंबर को दक्षिण कोलकाता में पानी से होकर गुजरते लोग. (फोटो: स्पेशल अरेंजमेंट)

नई दिल्ली: कोलकाता में करंट लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है. बीती रात हुई भारी बारिश से पूरे शहर में जलभराव हो गया है. आज (23 सितंबर) शहर ठप पड़ा है.

कुछ रिपोर्टों के मुताबिक करंट लगने से मरने वालों की संख्या सात तक हो सकती है.

स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, ट्रेन और मेट्रो सेवाएं ठप हो गई हैं, परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और अन्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.

फोटो: X/@MurtazaKhambaty

दुर्गा पूजा शुरू होने में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन जलमग्न कोलकाता में खतरे और बढ़ गए हैं. पंडाल सजावट, फ्लेक्स बोर्ड और बांस की बल्लियां शहर के कई हिस्सों में पानी भरी सड़कों पर रुकावटें पैदा कर रही हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

फोटो: X/@EchoesOfMe88

स्थानीय मीडिया के अनुसार, कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने कहा है कि अगर बारिश दोबारा नहीं हुई तो शहर को सामान्य स्थिति में लौटने में 10 से 12 घंटे लग सकते हैं. हालांकि, हल्की बारिश लगातार जारी हैं और आज भी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने शहर और आसपास के ज़िलों के लिए 26 सितंबर तक अलर्ट जारी किया है.

फोटो: X/@hossain_shaher | X/@vuttaa

शहर के दक्षिणी हिस्सों के प्रमुख इलाकों में आज सुबह तक 250 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई. गरिया में 332 मिमी, जोधपुर पार्क में 285 मिमी, कालीघाट में 280 मिमी और अलीपुर में 275 मिमी बारिश हुई.