नई दिल्ली: गुजरात में संभावित कैबिनेट फेरबदल से पहले भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सभी मंत्रियों ने गुरुवार (16 अक्टूबर, 2025) को अपने इस्तीफे दे दिए
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नया मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण करेगा.
द हिंदू ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि मौजूदा कैबिनेट, जिसमें 17 सदस्य थे, को बढ़ाकर 22 या 23 किया जा सकता है, जिसमें कई नए चेहरे शामिल होने की उम्मीद है. कहा जा रहा है कि पटेल के कार्यकाल के सबसे महत्वपूर्ण फेरबदल में से एक बताए जा रहे इस पुनर्गठन में लगभग आधे मौजूदा मंत्रियों को बदला जा सकता है.
अधिकारियों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार (17 अक्टूबर) को सुबह 11.30 बजे होगा, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे. एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि कैबिनेट के इस विस्तार में लगभग 10 नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है.
अब तक मंत्रिमंडल में 17 सदस्य थे, जिनमें आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री और आठ राज्य मंत्री थे. ज्ञात हो कि 182 सदस्यीय विधानसभा में कुल संख्या के 15% यानी अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं.
बताया जा रहा है कि अबतक गृह और खेल राज्य मंत्री का कार्यभार संभाल रहे हर्ष सांघवी को कैबिनेट मंत्री बनाया जाना तय है. पार्टी से जुड़े सूत्रों ने इस कदम को भाजपा की राज्य इकाई में युवा नेताओं को बढ़ावा देने और उनके अच्छे प्रदर्शन को सराहने की रणनीति बताया है.
ऐसे कयास भी हैं कि इस फेरबदल में जामनगर से पहली बार विधायक बनीं रीवाबा जडेजा को भी शामिल किया जाएगा. वे भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी हैं और पहली बार राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा बनेंगी.
उल्लेखनीय है कि यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब इसी महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल को हटाते हुए राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
ख़बरों के अनुसार, पार्टी के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ नियम के तहत मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को पद पर बनाए रखने की संभावना कम ही है। एक भाजपा नेता ने बताया कि सरकार उपमुख्यमंत्री पद को भी बहाल कर सकती है, जिसके संभावित दावेदारों में हर्ष सांघवी और कुंवरजी हलपति शामिल हैं.
ज्ञात हो कि 2021 में विजय रुपाणी की जगह सीएम पद पर आए भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर, 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.
