महिला क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम ने रचा इतिहास, शानदार जीत

अक्सर मज़ाक, तानों और धमकियों का सामना करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई स्थित खचाखच भरे डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर क्रिकेट विश्व कप का खिताब पहली बार अपने नाम किया.

क्रिकेट विश्व कप ख़िताब के साथ भारतीय क्रिकेट टीम. (फोटो: @BCCIWomen)

नई दिल्ली: कल शाम भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने वह कर दिखाया जो लंबे अरसे तक सिर्फ़ एक सपना लगता था. उन्होंने उस खेल में सबसे बड़ा खिताब जीता है जिसे यह देश सबसे ज़्यादा प्यार करता है. अक्सर मज़ाक, तानों और धमकियों का सामना करने वाली इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और जज़्बे से क्रिकेट विश्व कप का खिताब पहली बार अपने नाम किया. यह जीत हर एक खिलाड़ी की यात्रा, संघर्ष और साहस की कहानी बयान करती है. एक ऐसे वक़्त में, जब खुश होने के मौके बहुत कम हैं, इन ‘ड्रीम इलेवन’ ने पूरे देश को गर्व और साथ आने का एक अनमोल क्षण प्रदान किया है.

नवी मुंबई स्थित खचाखच भरे डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ़्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब पर कब्ज़ा जमाया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट पर 298 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में 87 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली, जबकि ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए.

इसके जवाब में कप्तान लौरा वॉल्वार्ड्ट की शतकीय पारी के बावजूद अफ़्रीकी टीम 246 रनों पर सिमट गई. दीप्ति शर्मा ने 5 और शेफाली वर्मा ने 2 विकेट चटकाए.

मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शेफाली वर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाज़ा गया.

ज्ञात हो कि टीम की सलामी बल्लेबाज़ प्रतीका रावल के चोट के कारण विश्व कप से बाहर होने के बाद 22 वर्षीय हरियाणा की शेफाली वर्मा सेमीफाइनल मैच से पहले टीम से जुड़ी थीं. उन्हें विश्व कप के लिए घोषित टीम में शामिल नहीं किया गया था. यहां तक कि वह स्टैंडबाय खिलाड़ियों में भी नहीं थीं.

वहीं, पूरे टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 22 विकेट चटकाए और 3 अर्धशतकों के साथ उपयोगी 215 रन भी बनाए.

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के ख़िताब के साथ ऑल राउंडर दीप्ति शर्मा (फोटो: एक्स/@ICC)

इससे पहले भारतीय टीम एक दिवसीय विश्व कप के फाइनल में दो बार (2005 और 2017) पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी.

आइए, इस ऐतिहासिक जीत और जश्न के पलों को तस्वीरों में देखते हैं: 

जीत के बाद तिरंगे के साथ भारतीय खिलाड़ी. (फोटो: एक्स/@BCCIWomen)

 

भारतीय क्रिकेट टीम के आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने के बाद एक व्यक्ति नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास जश्न में तिरंगा लहराता हुआ.
(फोटो: पीटीआई)
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार, 2 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए आईसीसी महिला विश्व कप फाइनल वनडे मैच के दौरान भारत की खिलाड़ी दक्षिण अफ़्रीका की सुने लूस का विकेट गिरने पर जश्न मनाती हुईं. (फोटो: पीटीआई)
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार, 2 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए आईसीसी महिला विश्व कप फाइनल वनडे मैच के दौरान दक्षिण अफ़्रीका की मरीज़ान काप का विकेट लेने के बाद भारतीय खिलाड़ी शेफाली वर्मा (बाएं) कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ जश्न मनाती हुईं. (फोटो: पीटीआई)
ट्रॉफी जीतने के बाद भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर अपनी डेप्युटी स्मृति मांधना के साथ. (फोटो: एक्स/@BCCIWomen)
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार, 2 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए आईसीसी महिला विश्व कप फाइनल वनडे मैच के दौरान दक्षिण अफ़्रीका की ऐनेरी डर्कसन का विकेट लेने के बाद भारतीय खिलाड़ी दीप्ति शर्मा (दूसरे दाएं) कप्तान हरमनप्रीत कौर (दाएं), क्रांति गौड़ (दूसरे बाएं) और विकेटकीपर ऋचा घोष के साथ जश्न मनाती हुईं. (फोटो: पीटीआई)