दिल्ली में लाल क़िले के पास कार में भीषण धमाका: 8 की मौत व 24 घायल, एनआईए जांच में जुटी

दिल्ली के लाल क़िले के पास सोमवार शाम एक i20 में जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत और 24 घायल हो गए. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की गाड़ियों में आग लग गई और खिड़कियां टूट गईं. कार पर हरियाणा की नंबरप्लेट थी.

(फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: सोमवार (10 नवंबर) शाम लगभग 6:52 बजे, राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास स्थित मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर एक कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ. इस घटना में कम-से-कम 8 लोगों की जान गई और 24 अन्य घायल हुए हैं. घायलों को पास के लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट धीमी गति से चल रही एक i20 कार में हुआ, जिसकी चपेट में नज़दीक की कई गाड़ियां भी आ गयीं.  इस कार पर हरियाणा की नंबरप्लेट थी.

गौरतलब है कि इस विस्फोट के चौबीस घंटे पहले पुलिस ने फरीदाबाद से बड़ी मात्रा में किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया था. पुलिस के अनुसार, इस जब्ती की कड़ी कश्मीर के एक डॉक्टर से जुड़ती है. अमोनियम नाइट्रेट का प्रयोग दुनिया भर के आतंकी विस्फोटों में अक्सर हुआ है.

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पास खड़ी कई कारें और ऑटो रिक्शा आग की लपटों में झुलस गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां हिल गईं. धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर आईटीओ तक सुनाई दी.

घटनास्थल की तस्वीरों में विस्फोट के बाद जलती कारों से उठता धुआं और मौके पर फैला अफरातफरी दिखाई दी. धमाका इतना ज़ोरदार था कि कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं.

दिल्ली पुलिस ने तुरंत हाई अलर्ट जारी कर दिया है. एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और विस्फोट के कारणों की जांच जारी है. विस्फोट के कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच में बम की संभावना को नकारा नहीं गया है.

प्रभावित क्षेत्र व हालात

घटना पुरानी दिल्ली के व्यस्त इलाके में हुई, जहां पर्यटन, मेट्रो व सड़क-यातायात की वजह से लगातार भीड़ रहती है. फायर सर्विस ने मिनटों में सात फायर टेंडर भेजे और आग को काबू में किया. मेट्रो स्टेशन गेट 1 व 4 से आवाजाही फिलहाल बंद कर दी गई है.

इस घटना के बाद दिल्ली व पड़ोस के राज्यों, हरियाणा और उत्तर प्रदेश, में सुरक्षा-चौकसी बढ़ा दी गई है. पुलिस व फोरेंसिक टीम आगामी 24-48 घंटों में धमाके की तकनीकी व कथित आतंकी कड़ी को लेकर विशेष जांच करेगी.

लोगों से अपील की गई है कि अपने आसपास की गतिविधियों पर निगरानी रखें और संदिग्ध वस्तुओं की सूचना तुरंत दें.