एसआईआर पर अखिलेश यादव बोले- देशवासियों के ख़िलाफ़ साज़िश, अंग्रेज़ों की ग़ुलामी से भी ख़राब स्थिति में ले जाएगी

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये देशवासियों के ख़िलाफ़ एक बहुत बड़ी साज़िश है, जो अंग्रेज़ों की ग़ुलामी से भी ख़राब स्थिति में ले जाएगी. ये समय जागने और एक-एक वोट बचाने का है.

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव. (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये देशवासियों के खिलाफ एक बहुत बड़ी साजिश है, जो अंग्रेजों की गुलामी से भी खराब स्थिति में ले जाएगी.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा के मुखिया अपने पोस्ट के माध्यम से जनता-जनार्दन में भय और भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एक्स पर एसआईआर प्रक्रिया का 20 सेकेंड का एक वीडियो साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘ये लोकतंत्र के साथ धोखाधड़ी है. जनता जागरूक हो. आज वोट काटा जा रहा है, कल को खेत-जमीन-मकान-राशन-जाति-आरक्षण से नाम काटा जाएगा. फिर बात खातों और मध्यम वर्ग के लॉकर तक पहुंच जाएगी.’

यादव ने अपने लंबे पोस्ट में कहा, ‘ये देशवासियों के खिलाफ एक बहुत बड़ी साजिश है, जो अंग्रेजों की गुलामी से भी खराब स्थिति में ले जाएगी. ये समय जागने का है और एक-एक वोट बचाने का है.’

उन्होंने विपक्षी दलों के साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भाजपा के सहयोगी दलों का आह्वान करते हुए कहा, ‘हमारी सभी विपक्षी दलों और यहां तक कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों से यह अपील है कि एकजुट हों और भाजपा के इस महा-षड्यंत्र का पर्दाफाश करें.’

उन्होंने आगे कहा, ‘जो दल भाजपा को अपना सहयोगी मान रहे हैं, सबसे पहले भाजपा उन्हीं का खात्मा करेगी. इसलिए हमारी प्रत्येक देशवासी से अपील है कि सारे काम छोड़कर एसआईआर की घपलेबाजी को रोकें. भाजपा, भाजपा के संगी-साथी और भाजपा सरकार की तिकड़ी व निर्वाचन आयोग के कुछ भ्रष्ट लोग पूरी चुनावी व्यवस्था का अपहरण कर रहे हैं.’

सपा प्रमुख ने लिखा, ‘आइए हम सब मिलकर उन भाजपाइयों और उनके अपरिवारवादी संगी-साथियों की सरेआम लूट से देश को बचाएं और वोट के रूप में अपनी पहचान को भी बचाएं, नहीं तो कल को ये देशवासियों को ही पराया साबित कर देंगे.’

उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा मुखिया अपने पोस्ट के माध्यम से जनता में भय और भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उसमे वह सफल होने वाले नहीं हैं.

श्रीवास्तव ने कहा, ‘डिजिटल इंडिया है, जनता को सच पता है, उसे गुमराह नहीं किया जा सकता है. वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान आरक्षण को लेकर जिस तरह विपक्षी दलों ने माहौल बनाया था अब वह संभव नहीं है क्योंकि जनता को यह सच समझ में आ गया है कि विपक्षी दल के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है.’

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ‘एसआईआर के लिए राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने सभी विपक्षी दलों की बैठक बुलाकर अपनी-अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के लिए अपील की है, ताकि सभी राजनीतिक दल बूथ पर रहने वालों का नाम एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज करा सकें और किसी को इस बात की शिकायत का अवसर न रहे कि एसआईआर में किसी का नाम काट दिया गया है.’

उन्‍होंने कहा कि इसलिए विपक्षी दलों द्वारा जनता को भ्रमित करने की कोशिश का कोई प्रभाव जनता पर पड़ने वाला नहीं है.

ज्ञात हो कि एसआईआर प्रक्रिया वर्तमान में पश्चिम बंगाल सहित 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जारी है.