‘डुपॉली ख़त्म करने की ज़रूरत’: इंडिगो संकट के बीच उड्डयन मंत्री ने देश में और एयरलाइंस लाने की वकालत की

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने लोकसभा में बड़े पैमाने पर रद्द हुई उड़ानों के लिए इंडिगो की रोस्टरिंग गड़बड़ियों को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कोई भी एयरलाइन यात्रियों को मुश्किल में नहीं डाल सकती. सरकार ने कहा कि वह अधिक एयरलाइंस को बढ़ावा देकर विमानन क्षेत्र को प्रतिस्पर्धी और मज़बूत बनाएगी.

लोकसभा में इंडिगो से जुड़ी अव्यवस्था पर बोलते नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू.

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने मंगलवार (9 दिसंबर) को संसद में कहा कि वह विमानन क्षेत्र को ज्यादा प्रतिस्पर्धी और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, और वह चाहती है कि अधिक एयरलाइंस आगे आएं.

लोकसभा में इस मुद्दे पर बोलते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि हवाईअड्डों पर कामकाज फिर से सामान्य हो रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी एयरलाइन, ‘चाहे वह कितनी ही बड़ी क्यों न हो, उसे अपनी प्लानिंग की गलतियों या नियमों के उल्लंघन के कारण यात्रियों को इस तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी.’

उन्होंने इंडिगो की आंतरिक रोस्टरिंग समस्याओं को बड़े पैमाने पर हुई उड़ान रद्दियों के लिए ज़िम्मेदार ठहराया और कहा कि कोई भी एयरलाइन, चाहे वह कितनी भी बड़ी क्यों न हो, यात्रियों को परेशानी में नहीं डाल सकती.

उन्होंने अधिक एयरलाइंस को बाज़ार में आने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, ‘आगे बढ़ते हुए, सरकार एक और मज़बूत और प्रतिस्पर्धी विमानन प्रणाली बनाने के लिए दृढ़ है. हम अपनी नीतियों के ज़रिए भारत में नई एयरलाइंस शुरू करने और संचालन को प्रोत्साहित कर रहे हैं.’

नायडू ने कहा कि अधिक एयरलाइंस का मतलब यात्रियों के लिए अधिक विकल्प है. इससे दो कंपनियों के दबदबे की संभावना खत्म होगी, और साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी और उचित किराए भी मिलेंगे.’

मंत्री ने यह भी कहा कि इंडिगो ने सभी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया था और यहां तक कि सर्दियों की समय-सारणी शुरू होने से पहले अपनी तैयारी की पुष्टि भी की थी. लेकिन ‘यह देखा गया कि आंतरिक रोस्टरिंग में आई गड़बड़ियों के कारण बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द हुईं. और इस अव्यवस्था के लिए इंडिगो को पूरी तरह ज़िम्मेदार ठहराया.’

उन्होंने बताया कि देशभर के हवाईअड्डों से अब सामान्य स्थिति की रिपोर्ट मिल रही है, कहीं भी भीड़ या परेशानी नहीं है.

‘रिफंड, खोए हुए सामान की ट्रैकिंग और यात्रियों की सहायता से जुड़े उपाय मंत्रालय की निगरानी में हैं. डीजीसीए ने इंडिगो के वरिष्ठ नेतृत्व को शोकॉज़ नोटिस जारी किया है और विस्तृत जांच शुरू की है.’ नायडू ने बताया.

उन्होंने जोड़ा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.