मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव बोले- भारत को हिंदुत्व पर गर्व है और यही राष्ट्रवाद का सार है

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उत्तराखंड के हरिद्वार में समन्वय सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित गुरुदेव समाधि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और भारत को अपनी सनातन परंपरा पर गर्व है.

हरिद्वार कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव और अन्य. (फोटो: सोशल मीडिया)

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार (5फरवरी) को हरिद्वार में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को हिंदुत्व पर गर्व है और हिंदुत्व ही राष्ट्रवाद का सार है.

फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, सीएम यादव का ये बयान उत्तराखंड के हरिद्वार में समन्वय सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित गुरुदेव समाधि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान सामने आया.

इस कार्यक्रम में मोहन यादव के अलावा मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी, विशिष्ट अतिथि के तौर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समेत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद के कई पदाधिकारी मौजूद थे.

सीएम मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और आदि शंकराचार्य जैसे महान आचार्यों ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई है, जिनका मध्य प्रदेश के साथ एक विशेष संबंध है.

इस दौरान सीएम यादव ने पद्म भूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की, जो आदि शंकराचार्य परंपरा के वाहक, वैदिक सनातन संस्कृति के समर्थक और देश के पहले भारत माता मंदिर के संस्थापक थे.

मोहन यादव ने कहा कि परंपरा के निरंतर प्रवाह को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संत और सरकार घनिष्ठ समन्वय से काम कर रहे हैं. समन्वय सेवा ट्रस्ट द्वारा हरिद्वार में स्थापित भारत माता मंदिर समाज और राष्ट्र में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है.

उन्होंने ये भी बताया कि मध्य प्रदेश सरकार सिंहस्थ के भव्य आयोजन की तैयारियां कर रही है. उन्होंने सभी संतों को उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 में आमंत्रित किया.

इस मौके पर मौजूद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से देश में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं. भारत आर्थिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

वहीं, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि सत्संग और संतों का मार्गदर्शन मानव जीवन को नई दृष्टि देता है. भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति से है.