मुंबई मेट्रो के निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से एक की मौत, तीन घायल; जांच के आदेश

मुंबई के मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन-4 के पुल से स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद कार्यकारी अभियंता को निलंबित कर दिया गया है. सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं और ठेकेदारों पर करोड़ों रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

(फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार, 14 फरवरी 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया. दोपहर करीब 12:15-12:20 बजे निर्माणाधीन मेट्रो लाइन-4 (वडाला-कसारवडावली) के एलबीएस रोड स्थित हिस्से में पुल के पैरापेट (किनारे की दीवार) का लगभग 6×4 वर्ग फुट का टुकड़ा अचानक नीचे गिर गया. यह हिस्सा नीचे से गुजर रहे एक ऑटो-रिक्शा और एक निजी कार पर आ गिरा. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए.

मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया. घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव (45) की हालत गंभीर है और वे आईसीयू में भर्ती हैं. महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अनुसार, घटना पिलर नंबर P-196 के पास, राजीव (मिलन) खंड में, मुलुंड फायर स्टेशन के नजदीक हुई. प्राधिकरण ने कहा कि मेट्रो परियोजना की टीम मौके पर पहुंची और बीएमसी व आपदा प्रबंधन विभाग के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.

निलंबन और एफआईआर

हादसे के बाद मेट्रो-4 के कार्यकारी अभियंता सत्यजीत साल्वे को निलंबित कर दिया गया. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निलंबन का निर्देश देते हुए कहा, ‘जन सुरक्षा से समझौता करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा.’ उन्होंने यह भी कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च एमएमआरडीए उठाएगी.

मामले में मिलन रोड बिल्डटेक (जो रिलायंस अस्ताल्डी जॉइंट वेंचर की सब-कॉन्ट्रैक्टर है) के प्रबंधकों, इंजीनियरों, सुपरवाइजर और एक कर्मचारी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 105, 110, 324(5) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. निगरानी से जुड़ी डीबी हिल एलबीजी कंपनी का भी नाम सामने आया है.

मुख्यमंत्री का आदेश और मुआवजा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. एमएमआरडीए ने भी कहा है कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन किया जाएगा और प्रभावित परिवार को नीति के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी.

उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

एमएमआरडीए ने परियोजना निदेशक (प्रोजेक्ट्स) बसवराज एम. भद्रगोंड की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति बनाई है. समिति से प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है. अतिरिक्त महानगरीय आयुक्त अश्विन मुदगल ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल कुछ तस्वीरें किसी अन्य स्थान की हैं और वर्तमान हादसा P-196 के पास हुआ है. फिर भी, पूरी पारदर्शिता के लिए इस पहलू की भी जांच की जाएगी.

एहतियातन संबंधित हिस्से में निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. प्राथमिक जांच के आधार पर एमएमआरडीए ने ठेकेदार आरएजेवी मिलान इंफ्रा पर 5 करोड़ रुपये और डीबी इंजीनियरिंग एंड कंसल्टिंग, हिल इंटरनेशनल इंक तथा लुई बर्जर कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के कंसोर्टियम पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के बाद की जाएगी.

विपक्ष की प्रतिक्रिया

विपक्ष के नेता और शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती हैं और इसे शर्मनाक बताया.