ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत की एडवाइजरी, भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह

ईरान में ताज़ा विरोध प्रदर्शनों और क्षेत्रीय तनाव के बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी है. तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों और अन्य भारतीयों से वाणिज्यिक उड़ानों के जरिए सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को कहा है.

(प्रतीकात्मक फोटो: एपी/वाहिद सलेमी)

नई दिल्ली: भारत सरकार ने ईरान रह रहे भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी है. सोमवार (23 फरवरी, 2026) को तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी में छात्रों, तीर्थयात्रियों, कारोबारी यात्रियों और पर्यटकों समेत सभी भारतीयों से कहा गया है कि वे उपलब्ध साधनों, विशेषकर वाणिज्यिक उड़ानों, के जरिए ईरान से बाहर निकलने की व्यवस्था करें.

दूतावास ने भारतीय नागरिकों से यह भी कहा है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज, जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र, हर समय अपने पास रखें. किसी भी तरह की सहायता की आवश्यकता होने पर दूतावास से तुरंत संपर्क करने को कहा गया है.

यह सलाह जनवरी 2026 में जारी की गई पूर्व चेतावनियों के बाद आई है. 5 जनवरी, 2026 को विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी थी, क्योंकि उस समय भी देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे.

हाल के दिनों में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने फिर जोर पकड़ लिया है. छात्र संगठनों के नेतृत्व में कई विश्वविद्यालयों में प्रदर्शन हुए, जिनमें झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं. इसी बीच, ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर चल रही बातचीत के संदर्भ में क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है. अमेरिका की ओर से सैन्य गतिविधियां बढ़ाने की खबरें हैं.

हालांकि, ईरानी अधिकारी यह उम्मीद जता रहे हैं कि गुरुवार (26 फरवरी, 2026) से अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ फिर शुरू होने वाली वार्ता में किसी समाधान की दिशा में प्रगति हो सकती है और नए टकराव को टाला जा सकेगा.

भारतीय दूतावास ने अपनी ताजा एडवाइजरी में यह भी दोहराया है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के व्यक्ति (पीआईओ) सतर्कता बरतें, प्रदर्शन या भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें, स्थानीय मीडिया की खबरों पर नजर रखें और दूतावास के संपर्क में बने रहें.

आपातकालीन स्थिति में भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:

+989128109115
+989128109109
+989128109102
+989932179359

ईमेल: cons.tehrana@mea.gov.in