नई दिल्ली: पूर्वी मुंबई के कुर्ला इलाके में बुधवार (12 अगस्त) तड़के हुए भूस्खलन में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए हैं.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3:48 बजे कुर्ला पश्चिम के चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल में राठौड़ मेडिकल के पास हुई. पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर दो से तीन घरों पर जा गिरा, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ.
महापौर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव अभियान का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि मलबे की चपेट में चॉल के आसपास के कमरे भी आए हैं.
बीएमसी के एक अधिकारी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने छह से आठ लोगों के मलबे में दबे होने की जानकारी दी थी.
मृतकों में चार एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जिनमें दो बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं. दो मृतकों की पहचान 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी के रूप में हुई है. दोनों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया था.
सीएमओ डॉ. विशाल ने मोहम्मद अंसारी को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया, जबकि सोहेल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं.
बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ बीएमसी के करीब 50 कर्मचारी जुटे हैं. मौके पर चार फायर इंजन, दो फायर टेंडर, दो रेस्क्यू वाहन, दो मोबाइल वॉटर टैंकर और एक वॉटर क्विक रिस्पॉन्स वाहन तैनात किए गए हैं.
महापौर तावड़े ने कहा कि घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाला रास्ता बेहद संकरा है, जहां एक समय में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है.
उन्होंने बताया कि बीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी, मुंबई फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और मुंबई पुलिस मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
तावड़े ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई और मौके पर मौजूद सभी एजेंसियों को राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए.
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मुंबई में भारी बारिश देखी गई. इसके बाद स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की. पिछले कुछ हफ्तों से शहर में लगातार भारी बारिश के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है और मुंबई एयरपोर्ट के संचालन पर भी असर पड़ा है.
मानसून की बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ है और सड़क समेत अन्य परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. भारी बारिश के दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई बार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
विले पार्ले में आग से दो की मौत
वहीं, कुर्ला भूस्खलन से कुछ घंटे पहले ही मुंबई के विले पार्ले इलाके में 12 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे शांता भवन इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित दो फ्लैटों में आग लग गई, जिसकी चपेट में बिजली की वायरिंग व अन्य इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, एसी यूनिट और घरेलू सामान आ गए.
इस घटना में कुल आठ लोगों को, जिनमें दो दमकलकर्मी भी शामिल थे, चोटें आईं और उन्हें दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में ढाई साल के बच्चे अबीर और 23 वर्षीय महिला अंकिता को नानावती अस्पताल में मृत घोषित किया गया है.
