‘धर्मयुद्ध’ होगा अगला लोकसभा चुनाव: भाजपा विधायक

उत्तर प्रदेश से विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में महाभारत की तरह कौरवों और पांडवों के बीच संस्कृतियों की लड़ाई होगी. पांडवों के दल में अर्जुन की भूमिका में प्रधानमंत्री मोदी होंगे तो कौरवों का दल कांग्रेस के नेतृत्व में होगा.

/
सुरेंद्र सिंह.(फोटो: एएनआई)

उत्तर प्रदेश से विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में महाभारत की तरह कौरवों और पांडवों के बीच संस्कृतियों की लड़ाई होगी. पांडवों के दल में अर्जुन की भूमिका में प्रधानमंत्री मोदी होंगे तो कौरवों का दल कांग्रेस के नेतृत्व में होगा.

भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह.(फोटो: एएनआई)
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह.(फोटो: एएनआई)

बलिया: अपने विवादास्पद बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में संस्कृतियों की लड़ाई होगी और यह धर्मयुद्ध होगा.

उत्तर प्रदेश के बलिया ज़िले के बैरिया क्षेत्र से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अगले साल होने वाला लोकसभा चुनाव धर्म युद्ध होगा और इसमें महाभारत की तरह एक बार फिर कौरवों और पांडवों के बीच संस्कृतियों की लड़ाई होगी.

सिंह ने कहा कि पांडवों के दल में सेनापति और अर्जुन की भूमिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे तो दूसरी तरह कौरवों का दल कांग्रेस के नेतृत्व में होगा, जिसमें धृतराष्ट्र की भूमिका समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव निभाएंगे. उन्होंने दावा किया कि प्रजातांत्रिक महाभारत की लड़ाई में मोदी ही विजयी होंगे.

भाजपा विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखे हमले करते हुए आरोप लगाया कि उनका भारत और भारतीयता से कोई जुड़ाव नहीं है. राहुल में राजनीतिक क्षमता का अभाव है. वह कांग्रेस के आखिरी अध्यक्ष साबित होंगे.

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के बाद भारत कांग्रेस मुक्त हो जाएगा और जिस दिन भारत से कांग्रेस का पराभव हुआ, राहुल भारत छोड़ इटली के वासी हो जाएंगे.

सिंह ने पिछले कुछ समय से केंद्र की अपनी ही सरकार पर हमला कर रहीं बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले पर निशाना साधते हुए विश्वास जताया कि कर्नाटक चुनाव के बाद पार्टी उन पर कार्रवाई करेगी.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अगर सावित्री को टिकट नहीं दिया होता तो वह कभी लोकसभा नहीं पहुंच पातीं.

गौैरतलब है कि इससे पहले भी सुरेंद्र सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. बीतो दिनों उन्होंने कहा था कि 2019 का लोकसभा चुनाव इस्लाम बनाम भगवान होगा.  वहीं, उन्नाव गैंगरेप मामले में आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर का बचाव करते हुए भी उन्होंने विवादित बयान दिया था.

तब उन्होंने कहा था, ‘‘कोई भी तीन बच्चों की मां का बलात्कार नहीं कर सकता है, यह संभव नहीं है. ऐसा मैं मनोवैज्ञानिक दृष्टि से बोल रहा हूं. यह विधायक कुलदीप सेंगर के ख़िलाफ़ एक साजिश है.’

इससे पहले बीते फरवरी माह में सुरेंद्र सिंह ने कहा था, ‘जो लोग भारत माता की जय नहीं बोल सकते वे पाकिस्तानी हैं और उन्हें देश में रहने का कोई अधिकार नहीं.’

उन्होंने कहा था, ‘जो लोग अपनी जन्मभूमि को मां का दर्जा नहीं देते उनकी देशभक्ति संदेहास्पद है. जिन लोगों को भारत माता की जय बोलने में दिक्कत है, उन्हें राजनीति में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए.’

वहीं, इस साल जनवरी महीने में उन्होंने कहा था कि भारत 2024 तक हिंदू राष्ट्र बन जाएगा.

(समाचार एजेंसी भाषा से इनपुट के साथ)