श्रीनगर: एल इंडिया (Elle India) ने गुलमर्ग में हुए एक फैशन शो की एक विवादित रील को अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से हटा दिया है. इस रील में कम कपड़ों में रैंपवॉक कर रहे मॉडल्स और शराब को दिखाने वाले दृश्यों पर लोगों ने व्यापक विरोध जताया था, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस कार्यक्रम की जांच के आदेश दिए हैं.
इस लक्जरी ब्रांड की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार (7 मार्च) को गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में डिज़ाइनर ‘शिवन-नरेश’ द्वारा खुले आसमान के नीचे आयोजित फैशन शो से स्थानीय लोग विशेष रूप से नाराज हैं, क्योंकि यह ऐसे समय में हुआ जब सूबे का बहुसंख्यक मुस्लिम समुदाय रमजान के महीने में इबादत कर रहा है.
अब्दुल्ला के कार्यालय ने कहा कि इस कार्यक्रम के खिलाफ कश्मीर में ‘विरोध और गुस्सा’ पूरी तरह से समझा जा सकता है और उन्होंने इस कार्यक्रम की जांच के आदेश दिए.
गुलमर्ग विकास प्राधिकरण (जीडीए), जिसकी स्थापना 1990 में हुई थी, वह नोडल निकाय है जो उत्तरी कश्मीर स्की रिसॉर्ट में प्रमुख कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधिकारिक अनुमति देता है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल जीडीए के अध्यक्ष हैं, जबकि प्रभारी पर्यटन मंत्री – इस मामले में अब्दुल्ला – प्राधिकरण के सदस्य हैं.
अब्दुल्ला के कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, उनमें स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दिखाई देती है और वह भी इस पाक़ महीने के दौरान. मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है. इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई उचित रूप से की जाएगी.’
शुक्रवार को एल इंडिया द्वारा शेयर किए गए 35 सेकेंड के वीडियो एक पुरुष और कुछ महिला मॉडल बर्फ से बने आउटडोर रैंप पर चलते हुए दिखाई दिए. दूसरे वीडियो में गुलमर्ग के बर्फ से ढके पहाड़ों की पृष्ठभूमि में डिजाइनर गिलास में शराब बहती हुई दिखाई दे रही थी.
पोस्ट को हटाने से पहले एल ने ‘गुलमर्ग की सर्दियों के जादू के बीच बिकनी और केप’ के आयोजन को एक ‘साहसिक’ कदम बताया, जो फैशन को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है.
उदारवादी हुर्रियत के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि वह इस शो से ‘नाराज’ हैं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘रमजान के पाक़ महीने में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो आयोजित किया गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिससे लोगों में गुस्सा है. सूफी, संत संस्कृति और अपने लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली घाटी में इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है? इसमें शामिल लोगों को तुरंत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर ऐसी अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी!’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और श्रीनगर से लोकसभा सांसद सैयद आगा रूहुल्लाह ने इस घटना को पर्यटन के भेष में संस्कृति पर हमला करार दिया.
उन्होंने कहा, ‘यह कश्मीरी भावनाओं के प्रति घोर अनादर दर्शाता है. इसमें शामिल पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ आयोजकों ‘शिवन और नरेश’ पर भी तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए.’
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा कि रमजान के महीने को देखते हुए यह आयोजन टाला जा सकता था.
लोन ने एक्स पर कहा, ‘मैं खुद को उदारवादी विचारधारा वाला व्यक्ति मानता हूं और गरिमापूर्ण और परस्पर सम्मानपूर्ण सह-अस्तित्व में विश्वास करता हूं. लेकिन इस तरह के आयोजन के लिए यह सबसे अच्छा समय नहीं था.’
अब्दुल्ला के कार्यालय द्वारा घटना की जांच के आदेश दिए जाने के बाद एल इंडिया ने अपने इंस्टाग्राम से वीडियो हटा लिया है. यह वीडियो उसके यूट्यूब और फेसबुक एकाउंट पर उपलब्ध नहीं था.
‘शिवन और नरेश’, जिसमें राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान से शिक्षित डिजाइनर जोड़ी शिवन भाटिया और नरेश कुकरेजा शामिल हैं, ने 2010 में भारत का पहला स्विमवियर लेबल लॉन्च किया था.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
