नई दिल्ली: न्यूयॉर्क मेयर पद के डेमोक्रेटिक प्राइमरी में ज़ोहरान ममदानी की जीत हुई है यानी ममदानी अब डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में उम्मीदवार बन गए हैं. गुरुवार (26 जून) को ममदानी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने अब सारी सीमाएं पार कर दी हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ममदानी को ‘100% कम्युनिस्ट पागल’ कहा और यह भी लिखा कि उनका मेयर बनने की दिशा में आगे बढ़ना ‘हास्यास्पद’ है.
ट्रंप की पोस्ट में ममदानी को लेकर यह भी लिखा गया है:
उसका चेहरा बेहद ख़राब दिखता है, आवाज़ कर्कश है, दिमाग़ भी तेज़ नहीं है, उसके साथ AOC+3 (अलेक्ज़ेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज़ और उनके प्रगतिशील साथी) जैसे बेवकूफ़ लोग खड़े हैं.
ज़ोहरान ममदानी, भारतीय मूल की फ़िल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं. वे एक 33 वर्षीय स्वघोषित समाजवादी हैं, और उन्हें डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका (DSA) पार्टी का समर्थन प्राप्त है.
उनकी न्यूयॉर्क मेयर पद की उम्मीदवारी को डेमोक्रेटिक पार्टी के भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है.
न्यूयॉर्क सिटी का मुख्य मेयर चुनाव (जनरल इलेक्शन) नवंबर 2025 में होगा. अगर ममदानी उस चुनाव में जीतते हैं, तो वे न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम मेयर बन जाएंगे. वे अब इस पद के क़रीब हैं, और उनके प्रतिद्वंद्वी, न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो पहले ही हार स्वीकार कर चुके हैं.
ममदानी ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीतने के बाद अपने भाषण में समर्थकों से कहा, ‘आज रात हमने इतिहास रचा.’ दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप की आलोचना के बाद ममदानी ने तंज कसते हुए लिखा, ‘हां, यह हमारे देश के इतिहास का एक बड़ा पल है!’
युगांडा में जन्मे ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क स्टेट असेम्बली के सदस्य हैं. वह अक्सर इज़रायल और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना करते रहे हैं और फिलिस्तीनियों के समर्थन में लगातार मुखर रहे हैं.
ममदानी के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी एंड्रयू कुओमो 67 साल के हैं, जो न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर रह चुके हैं. उनके पास काफी संसाधन और लोकप्रियता थी, लेकिन उनकी छवि पर 4 साल पुराने यौन उत्पीड़न के आरोपों की छाया थी. न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव उनके लिए वापसी का प्रयास था.
हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 95% वोटों की गिनती के बाद कुओमो को केवल 36% वोट मिले, जबकि ममदानी को 43% मत प्राप्त हुए. इसके बाद कुओमो ने कहा कि उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को फोन कर हार स्वीकार की.
ममदानी की जीत पर पार्ट की प्रतिक्रिया
जहां ज़ोहरान ममदानी की उम्मीदवारी को कई लोगों ने सराहा है, वहीं डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उनकी जीत के बाद पार्टी के भीतर कुछ दरारें भी सतह पर आ गई हैं.
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में वित्त मंत्री रहे लॉरेंस समर्स ने ममदानी की जीत पर चिंता जताई और कहा, ’मैं डेमोक्रेटिक पार्टी और देश के भविष्य को लेकर गहराई से चिंतित हूं.’
हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी के कई नेता ममदानी की तारीफ भी कर रहे हैं. उन्होंने न्यूयॉर्क में जीवन यापन की लागत को कम करने को अपने अभियान का मुख्य मुद्दा बनाया था. सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने समाचार एजेंसी एपी से कहा:
कई मायनों में ममदानी का अभियान यह दिखाता है कि डेमोक्रेटिक पार्टी को किस दिशा में जाना चाहिए — अरबपतियों की चिंता छोड़कर आम मेहनतकश लोगों की चिंता करनी चाहिए.
सैंडर्स ने ममदानी की पार्टी के भीतर आलोचना करने वालों को भी आड़े हाथों लिया और रिपब्लिकन पार्टी को चेतावनी दी कि ज़ोहरान ममदानी उनके लिए ‘सबसे बड़ा सिरदर्द’ बन सकते हैं.
