एलन मस्क के नए राजनीतिक दल को ट्रंप ने ‘बेतुका’ बताया, कहा- तीसरी पार्टियां कभी नहीं चलतीं

उद्योगपति एलन मस्क द्वारा ‘अमेरिका पार्टी’ नाम से एक नई राजनीतिक दल लॉन्च किए जाने को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘बेतुका’ कहा है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि मस्क ‘पिछले पांच हफ्तों में पटरी से उतर चुके हैं’ और ‘एक चलती-फिरती तबाही’ बन गए हैं.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एलन मस्क. (फोटो: पीटीआई/एपी)

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को अपने पूर्व सहयोगी और अरबपति उद्योगपति एलन मस्क द्वारा ‘अमेरिका पार्टी’ नाम से एक नई राजनीतिक दल लॉन्च करने को ‘बेतुका’ बताया. मस्क ने यह कदम अमेरिका की कथित ‘दो-दलीय व्यवस्था’ को चुनौती देने के नाम पर उठाया है.

ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘तीसरी पार्टी बनाना बेतुका है. अमेरिका में हमेशा से दो-दलीय प्रणाली रही है, और तीसरी पार्टी शुरू करने से सिर्फ़ भ्रम पैदा होगा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘तीसरी पार्टियां कभी नहीं चलतीं. मस्क चाहे तो इसका मज़ा ले सकता है, लेकिन मेरे हिसाब से ये बिल्कुल बेकार है.’

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के सबसे बड़े दाताओं में शामिल एलन मस्क अब राष्ट्रपति से मतभेद के बाद अलग हो चुके हैं. मस्क ने ट्रंप प्रशासन के अंतर्गत ‘गवर्नमेंट एफिशिएंसी विभाग’ (DOGE) का नेतृत्व किया था, जहां उन्होंने सरकारी खर्च में कटौती और नौकरियों की छंटनी करने की कोशिश की.

लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप के घरेलू खर्चों में भारी वृद्धि के प्रस्ताव को लेकर दोनों के बीच दरार गहराती गई. मस्क का कहना है कि यह योजना अमेरिका के कर्ज को भयावह स्तर तक ले जाएगी. 

शनिवार को मस्क ने ‘अमेरिका पार्टी’ नाम की राजनीतिक पार्टी की घोषणा की, जिसके ज़रिए वह अपनी राजनीतिक लड़ाई को आगे ले जाएंगे. यह पार्टी उनकी कंपनियों- टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स के बाद अब उनका अगला बड़ा दांव मानी जा रही है.

इसके बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर मस्क को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मस्क ‘पिछले पांच हफ्तों में पटरी से उतर चुके हैं’ और ‘एक चलती-फिरती तबाही’ बन गए हैं.

उन्होंने कहा, ‘एक तीसरी पार्टी की स्थापना से पूरा राजनीतिक ढांचा अराजकता और भ्रम में डूब जाएगा.’

ट्रंप ने यह भी दोहराया कि मस्क उनसे इसलिए नाराज़ हुए क्योंकि उन्होंने अपने खर्च बिल में इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिलने वाली सब्सिडी में कटौती कर दी थी. हालांकि मस्क का कहना है कि उनका विरोध मुख्यतः बजट घाटे और राष्ट्रीय कर्ज बढ़ने की आशंका को लेकर है.

ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने एक्स पर लिखा, ‘ट्रुथ सोशल क्या है? कभी सुना नहीं इसके बारे में.’ 

एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्रम्प के पोस्ट के जवाब में लिखा. (स्क्रीनग्रैब/एक्स)

वहीं रविवार (6 जून) को अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी मस्क की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर तंज कसा. सीएनएन से बातचीत में उन्होंने मस्क को अपने कारोबार पर ध्यान देने को कहा है. 

गौरतलब है कि मस्क ने मई में ‘DOGE प्रमुख का पद छोड़ दिया था ताकि वे अपनी कंपनियों पर फिर से पूरा ध्यान दे सकें.’