अगर भारत ब्रिक्स में है तो उसे 10% अतिरिक्त टैरिफ देना होगा: डोनाल्ड ट्रंप

ब्रिक्स देशों द्वारा डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ नीति के विरोध में बयान जारी करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के ऊपर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने की धमकी दी है. भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और हालिया ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिस्सा लिया था.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (फोटो: एपी/पीटीआई)

नई दिल्ली: ब्रिक्स देशों द्वारा एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों में बढ़ोतरी को ‘अवैध और मनमाना’ बताते हुए उस पर गहरी चिंता जताने के कुछ ही दिन बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स पर निशाना साधा और कहा कि भारत, जो ब्रिक्स के पांच संस्थापक सदस्यों में शामिल है, उस पर अब 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा.

ट्रंप ने मंगलवार (8 जुलाई) को संवाददाताओं से कहा, ‘अगर वे (भारत) ब्रिक्स में हैं तो उन्हें 10 प्रतिशत टैक्स देना ही होगा, क्योंकि ब्रिक्स को हमारे खिलाफ खड़ा करने के लिए बनाया गया था, हमारे डॉलर को कमजोर करने और उसे स्टैंडर्ड से हटाने के लिए. अगर वे ऐसा खेल खेलना चाहते हैं, तो मैं भी अपना खेल खेल सकता हूं. ब्रिक्स में जो कोई भी है, उस पर 10 प्रतिशत टैक्स लगेगा. भारत को भी देना पड़ेगा.’ 

भारत को लेकर ट्रंप की यह चेतावनी 6 जुलाई को ब्रिक्स द्वारा जारी उस संयुक्त बयान के बाद आई है, जिसमें भारत सहित सदस्य देशों ने टैरिफ को लेकर आलोचना की थी. रियो डी जनेरियो में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिस्सा लिया था.

उस बयान में अमेरिका का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया था, लेकिन इसमें ‘मनमाने ढंग से टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों को बढ़ाने’ को वैश्विक व्यापार में बाधा, सप्लाई चेन में विघटन और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता पैदा करने वाला चलन बताया गया था.

संवाददाताओं द्वारा भारत और ब्रिक्स के बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘जो देश डॉलर को चुनौती देना चाहते हैं, उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी वो कीमत चुकाने को तैयार है.’

‘भारत से समझौते के करीब’

ट्रंप ने कहा, ‘मैंने एक साल पहले ही कहा था कि ब्रिक्स का प्रभाव लगभग खत्म हो गया है, लेकिन कुछ देश अब भी टिके हुए हैं. मेरे अनुसार ब्रिक्स कोई गंभीर खतरा नहीं है, लेकिन उनकी मंशा डॉलर को खत्म करना है ताकि कोई और देश उसकी जगह स्टैंडर्ड बन सके. लेकिन हम अपना स्टैंडर्ड खोने नहीं देंगे.’

इससे पहले भी ट्रंप यह कह चुके हैं कि जो भी देश ब्रिक्स की ‘अमेरिका-विरोधी नीतियों’ के साथ खड़ा होगा, उस पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा.

भारत पर टैरिफ लगाने को लेकर ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है. ट्रंप ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि अमेरिका ‘भारत के साथ समझौते के बेहद करीब है.’

उन्होंने कहा, ‘हमने यूनाइटेड किंगडम के साथ समझौता कर लिया है. चीन के साथ भी समझौता हो गया है. और हम भारत के साथ भी समझौते के करीब हैं.’