तेलंगाना: बीआरएस ने पूर्व सीएम की बेटी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित किया

भारत राष्ट्र समिति ने पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी विधान परिषद सदस्य के. कविता को अनुशासनात्मक आधार पर संगठन से निलंबित कर दिया है. एक दिन पहले ही उन्होंने अपने चचेरे भाइयों - पूर्व सिंचाई मंत्री टी. हरीश राव और पूर्व सांसद जे. संतोष राव पर कालेश्वरम परियोजना में कथित घोटाले में उनके पिता को बलि का बकरा बनाकर भारी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया था.

बीआरएस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी विधान परिषद की सदस्य के. कविता को निलंबित कर दिया. (फोटो साभार: फेसबुक)

नई दिल्ली: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कल्वाकुंटला कविता को अनुशासनात्मक आधार पर संगठन से निलंबित कर दिया है. पार्टी ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बीआरएस के अनुशासनात्मक मामलों के प्रभारी महासचिव सोमा भरत कुमार और महासचिव (संगठन) टी. रविंदर राव ने कहा कि केसीआर ने कविता को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बर्खास्त करने का फैसला किया है.

बयान में कहा गया है, ‘बीआरएस आलाकमान ने एमएलसी कविता के व्यवहार और रवैये तथा हाल के दिनों में उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों को गंभीरता से लिया है. पार्टी नेतृत्व का मानना ​​है कि उनकी गतिविधियों और बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है.’

यह निलंबन ऐसे समय में हुआ है जब कविता ने सोमवार को अपने चचेरे भाइयों – पूर्व सिंचाई मंत्री टी. हरीश राव और पूर्व सांसद जे. संतोष राव – पर गंभीर आरोप लगाए थे कि उन्होंने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में कथित घोटाले में उनके पिता को बलि का बकरा बनाकर भारी संपत्ति अर्जित की है.

कविता ने कहा कि जब पार्टी अध्यक्ष को कालेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं के मामले में आरोपी बनाया गया है, जिसकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) वर्तमान में जांच कर रहा है, तो बीआरएस के अस्तित्व का कोई मतलब नहीं है.

उन्होंने पूछा, ‘जब केसीआर को सीबीआई जांच का सामना करने के लिए मजबूर किया जाता है, तो क्या इससे कोई फर्क पड़ता है कि बीआरएस बचता है या नहीं?’

कविता ने सीधे तौर पर हरीश राव और संतोष पर कालेश्वरम सिंचाई परियोजना के निर्माण में हुई किसी भी अनियमितता के लिए ज़िम्मेदार होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘हरीश राव और संतोष राव ही थे जिन्होंने परियोजना के प्रमुख पहलुओं को संभाला था. उन्होंने केसीआर को अंधा कर देने वाली अकूत संपत्ति जमा कर ली. वे भ्रष्टाचार के एनाकोंडा हैं.’

उल्लेखनीय है कि कविता को तब से पार्टी में आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जब से उन्हें सीबीआई ने गिरफ्तार किया था और कथित दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में 16 मार्च से 24 अगस्त, 2024 तक लगभग छह महीने के लिए जेल में रखा गया था.

बीआरएस का यह नाटकीय घटनाक्रम मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा तेलंगाना विधानसभा में कलेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना (केएलआईपी) की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपे जाने की घोषणा के एक दिन बाद सामने आया है.

इस बीच, तेलंगाना सरकार ने कालेश्वरम परियोजना में अनियमिताओं की जांच सीबीआई को सौंपी दी.

तेलंगाना सरकार ने कालेश्वरम परियोजना के मेदिगड्डा, अन्नाराम और सुंडिला बैराजों के निर्माण में अनियमितताओं, सरकारी धन के गबन और भ्रष्ट आचरण के आरोपों की जांच के लिए सीबीआई को अपनी सहमति दे दी है.