बिहार चुनाव: राजद की डूबती नैया के बीच अपनी सीट बचाने में सफल रहे तेजस्वी यादव

राघोपुर सीट से विधानसभा में विपक्षी दल के नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा के सतीश कुमार को 14,532 मतों से हरा दिया है. तेजस्वी पहली बार इस सीट से साल 2015 में विधायक चुने गए थे.

तेजस्वी यादव. (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतों की गिनती जारी है. रुझानों के अनुसार, एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलते दिख रहा है. एनडीए 200 सीटों पर आगे चल रही है. 90 से अधिक सीटों पर आगे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है. 

मुख्य सीटों का हाल 

मुख्य सीटों की बात करें, तो राघोपुर सीट से विधानसभा में विपक्षी दल के नेता तेजस्वी यादव यादव भाजपा के सतीश कुमार को 14,532  मतों से हरा चुके हैं. राजद का गढ़ माने जाने वाली राघोपुर सीट से साल 2010 के चुनावों में सतीश कुमार ने ही राबड़ी देवी को हराया था. तेजस्वी पहली बार इस सीट से साल 2015 में विधायक चुने गए थे. 

वहीं लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव महुआ की सीट हार चुके हैं. उस सीट से लोजपा (राम विलास) के संजय कुमार सिंह ने राजद के मुकेश कुमार रौशन को44997   वोटों से हरा दिया है. तेज प्रताप तीसरे स्थान पर रहे. 

पटना के दानापुर सीट से बाहुबली रीत लाल यादव हार चुके हैं. उस सीट पर भाजपा के राम कृपाल यादव ने जीत दर्ज की है. 

वहीं, अलीनगर सीट से गायिका मैथिली ठाकुर ने कांग्रेस के बिनोद मिश्रा को 11730 वोटों से हरा दिया है. 

तारापुर सीट से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजद के अरुण कुमार से लगभग 45 हज़ार वोटों से जीत चुके हैं. 

मोकामा से जेल में क़ैद बाहुबली प्रत्याशी अनंत सिंह एक अन्य बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी से करीब 28,000 मतों से जीत गए हैं. 

भाजपा के एक अन्य उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय सीट 24940 वोटों से जीत चुके हैं. पहले कई राउंड तक पिछड़ने के बाद उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को मात दी. 

भोजपुरी स्टार और राजद उम्मीदवार खेसारी यादव 17वें चरण में अपनी सीट छपरा से 7935 मतों से पीछे चल रहे हैं. उस सीट से भाजपा की छोटी कुमारी आगे हैं. 

बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा नेता मंगल पांडे अपनी सीट सीवान से राजद उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी से करीब 9000 वोटों से जीत चुके हैं.