नई दिल्ली: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने 19 देशों के नागरिकों के लिए अमेरिका में इमिग्रेशन आवेदन की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी है. इन देशों पर पहले से ही यात्रा पर प्रतिबंध (ट्रैवल बैन) लागू है.
अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) ने एक मेमो जारी का यह जानकारी दी है.
प्रभावित देशों में ईरान, सूडान, इरिट्रिया, हैती, सोमालिया, वेनेज़ुएला और कई अन्य कम आय वाले या संघर्षग्रस्त देश शामिल हैं. भारतीय नागरिकों पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा.
चार पन्नों का यह मेमो उस घटना के कुछ दिन बाद जारी किया गया, जब डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में शरण पाने वाले एक अफगान नागरिक ने वॉशिंगटन डीसी में दो नेशनल गार्ड्स पर गोली चलाई थी.
यूएससीआईएस के अनुसार, ‘यह निर्णय कुछ लंबित आवेदनों की प्रक्रिया में देरी का कारण बन सकता है, लेकिन एजेंसी को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर आवेदक की जांच और स्क्रीनिंग अधिकतम स्तर तक की जाए.’
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रोक ग्रीन कार्ड और नागरिकता दोनों प्रकार के आवेदनों पर लागू होगी. यूएससीआईएस का अनुमान है कि इस कदम से करीब 14 लाख आवेदक प्रभावित हो सकते हैं.
जून में साइन हुआ ट्रैवल बैन
इस साल जून में ट्रंप ने एक घोषणा पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत अफगानिस्तान, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन समेत 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.
साथ ही बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेज़ुएला के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया गया था.
‘देश को जोंकों से भर रहे हैं’
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ‘यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है कि जो लोग अमेरिकी नागरिक बन रहे हैं, वे ‘सर्वश्रेष्ठ में से सर्वश्रेष्ठ’ हों.’
उन्होंने आगे कहा, ‘नागरिकता एक अधिकार नहीं, बल्कि एक विशेषाधिकार है. जब राष्ट्र का भविष्य दांव पर हो, तब कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता.’
यूएससीआईएस के निदेशक जोसेफ एडलो ने अमेरिकी मीडिया से कहा कि उन्हें लगता है कि साल 2021 में अमेरिकी सेना की अफगानिस्तान से वापसी के वक्त अमेरिका आने वाले अफ़गान नागरिकों की पर्याप्त जांच नहीं की गई थी.
एडलो के कार्यालय ने कहा, ‘जब तक हर विदेशी नागरिक की पूरी तरह जांच और स्क्रीनिंग नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी टेबल से बाहर नहीं है.’
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने ‘हर उस देश पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध’ लगाने की सिफारिश की है ‘जो हमारे देश को हत्यारों, जोंकों और अधिकारवादियों से भर रहा है.’
