बांग्लादेश ने फिर आईसीसी को पत्र लिखा, भारत में होने वाले मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग दोहराई

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को दोबारा पत्र भेजकर आगामी पुरुष टी-20 विश्व कप के लिए भारत की यात्रा को लेकर अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को विस्तार से बताया है और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग दोहराई है. इससे पहले आईसीसी ने बांग्लादेश की यह मांग ठुकरा दी थी.

इन विवादों की शुरुआत आईपीएल 2026 से केकेआर द्वारा तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज़ किए जाने के बाद हुई है. (फोटो: एक्स/@Mustafiz90)

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गुरुवार (8 जनवरी) को आईसीसी को एक और पत्र भेजकर आगामी पुरुष टी-20 विश्व कप के लिए भारत की यात्रा को लेकर अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को विस्तार से बताया है और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग दोहराई है. 

टी-20 विश्व कप 7 फरवरी से शुरू होने हैं. भारत में बांग्लादेश को कुल चार मुकाबले खेलने हैं, तीन कोलकाता में और एक मुंबई में.

गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज़ किए जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत की यात्रा से इनकार कर दिया था. यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालिया घटनाक्रमों का हवाला देते हुए लिया था. इसके जवाब में बीसीबी ने बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी है.

इससे पहले 4 जनवरी को बीसीबी की एक आपात बैठक हुई थी, जिसके बाद बोर्ड ने औपचारिक रूप से आईसीसी को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराए जाएं, ताकि ‘बांग्लादेशी खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.’

हालांकि, भारत के गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह की अध्यक्षता वाली आईसीसी ने बीसीबी की इस मांग को खारिज कर दिया था.

नाम न छापने की शर्त पर बीसीबी से जुड़े एक सूत्र ने अब पीटीआई को बताया, ‘खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल से चर्चा के बाद बीसीबी ने एक बार फिर आईसीसी को पत्र भेजा है. आईसीसी ने सुरक्षा से जुड़े चिंता के बिंदुओं के बारे में पूछा था, जिन्हें बीसीबी ने स्पष्ट किया है.’

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुद्दे पर बीसीबी के भीतर भी एकराय नहीं है. बोर्ड का एक हिस्सा आसिफ़ नज़रुल के सख़्त रुख का समर्थन करता है, जबकि दूसरा तबका आईसीसी और भारतीय अधिकारियों के साथ संवाद के रास्ते खुले रखने के पक्ष में है और भारत में प्रवास के दौरान पूरी बांग्लादेशी टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ज़ोर दे रहा है.

फिलहाल, आईसीसी ने बांग्लादेश के मैचों को कोलकाता और मुंबई से कोलंबो स्थानांतरित करने को लेकर कोई योजना नहीं सुझाई है. हालांकि, बीसीबी का कहना है कि आईसीसी ने उसकी ओर से उठाई गई सुरक्षा चिंताओं पर विचार करने और बातचीत जारी रखने के संकेत दिए हैं.