भारत-पाक तनाव के बीच जम्मू पहुंचे सीएम अब्दुल्ला, बोले- ये हालात हमने नहीं बनाए, हमने जवाब दिया

जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से पाकिस्तान की भारी गोलीबारी के बाद जम्मू पहुंचे सीएम उमर अब्दुल्ला ने सांबा में प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए शिविर में उनसे मुलाकात की. उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि पाकिस्तान अपनी बंदूकें खामोश करे. वो इसे बढ़ावा देना चाहते हैं, तो इससे उन्हें ही नुकसान होगा.

(फोटो: फेसबुक/उमर अब्दुल्ला)

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान में बढ़ते सैन्य तनाव और जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से पाकिस्तान की भारी गोलीबारी के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ये हालात हमने नहीं बनाए हैं. पहलगाम में हमारे लोगों पर हमला हुआ. उसका हमने जवाब दिया. लेकिन अब इसे बढ़ाने का सिलसिला पाकिस्तान की तरफ से हो रहा है उसमें पाकिस्तान को कोई फायदा नहीं है, न उनकी कोई कामयाबी होगी.

मालूम हो कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने जानकारी दी थी कि वे शुक्रवार (9 मई) की सुबह जम्मू जा रहे हैं.

सीएम अब्दुल्लाह ने एक्स पर पोस्ट किया था, ‘जम्मू शहर और संभाग के अन्य हिस्सों पर कल रात हुए असफल पाकिस्तानी ड्रोन हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए अब जम्मू जा रहा हूं.’

जम्मू पहुंचकर सीएम अब्दुल्ला ने सांबा में पाकिस्तानी गोलीबारी से प्रभावित स्थानीय लोगों के लिए बनाए गए शिविर में उनसे मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने एक छोटे लड़के के साथ क्रिकेट भी खेला.

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उन स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की, जो भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच वर्तमान में सांबा में सुरक्षित स्थान पर रह रहे हैं.

यहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मीडिया से कहा, ‘पाकिस्तान की तरफ से आम लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की गई. जम्मू शहर पर ड्रोन से हमला करने की कोशिश की गई. 71 के युद्ध के बाद पहली बार जम्मू को निशाना बनाया गया है. हमारे सुरक्षा के जवान ने सभी ड्रोन को नाकाम कर दिया. एक भी ड्रोन निशाने तक नहीं पहुंचा. कश्मीर में भी निशाना बनाने की कोशिश की.’

उन्होंने आगे कहा, ‘ये हालात हमने नहीं बनाए हैं. पहलगाम में हमारे लोगों पर हमला हुआ, बेगुनाह लोगों को मारा गया. उसका हमें जवाब देना था. अब पाकिस्तान की तरफ से इसे बढ़ाया जा रहा है. इसमें पाकिस्तान को न फायदा है और न ही कामयाबी होगी. बेहतर होगा कि वो अपनी बंदूकें खामोश करे. कल रात को जो हुआ, वो बढ़ावा देना चाहते हैं, इससे उन्हें ही नुकसान होगा. अक्ल से उन्हें काम लेना चाहिए.’

जम्मू दौरे पर गए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तानी गोलीबार से पुंछ में बहुत नुकसान हुआ है. सबसे अधिक लोगों की मौत पुंछ में हुई है, घायल भी पुंछ के अधिक लोग हुए हैं. मैं जम्मू अस्पताल में भर्ती सभी लोग पुंछ से हैं. गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है. पुंछ में हालात काफी खराब है.

ज्ञात हो कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जम्मू ने भी गुरुवार देर रात अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से किए गए एक ट्वीट में जानकारी दी थी कि 8 मई को लगभग रात 11 बजे बीएसएफ ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया.

गौरतलब है कि भारतीय रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने कल यानी 8 मई को एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के मिलिट्री बेस पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइल से हमला हुआ, जिसे नाकाम कर दिया गया.