दिल्ली की ज़हरीली हवा को लेकर इंडिया गेट पर प्रदर्शन, दर्जनों लोग हिरासत में लिए गए

दिल्ली में ज़हरीली हवा को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन किया. कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा और ट्रैफ़िक कारणों से इंडिया गेट पर प्रदर्शन की अनुमति पहले ही ख़ारिज कर दी गई थी और प्रदर्शनकारियों से जंतर मंतर जाने के लिए कहा गया था.

इंडिया गेट के सामने जुटे प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर लेकर प्रदूषण के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए. (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में जहरीली हवा को लेकर रविवार (9 नवंबर) को बड़ी संख्या में लोगों ने इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में अभिभावक, पर्यावरण कार्यकर्ता, कॉलेज छात्र और आम नागरिक शामिल थे. कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे और सरकार से ‘साफ हवा का अधिकार’ सुनिश्चित करने की मांग की. 

शाम करीब पांच बजे शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन में बाद में पशु अधिकार समूह से जुड़े लोग भी शामिल हो गए, जो हाल में सुप्रीम कोर्ट द्वारा आवारा कुत्तों को लेकर दिए गए आदेश का विरोध कर रहे थे.

प्रदर्शन के दौरान पुलिस की भारी तैनाती थी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा और ट्रैफ़िक कारणों से इंडिया गेट पर प्रदर्शन की अनुमति पहले ही ख़ारिज कर दी गई थी और प्रदर्शनकारियों से जंतर मंतर जाने के लिए कहा गया था. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें एफआईआर दर्ज करने और हिरासत में लेने की धमकी दी गई.

बाद में कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. प्रदर्शनकारियों के अनुसार, हिरासत में लेने के बाद उन्हें ‘अज्ञात स्थान’ पर ले जाया गया.

नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया, ‘करीब 60 से 80 लोगों को दोनों प्रदर्शनों से हिरासत में लिया गया. हमने सिर्फ़ उन लोगों को रोका जो मान सिंह रोड को ब्लॉक कर रहे थे और आवाजाही बाधित कर रहे थे.’ 

महला ने कहा कि मान सिंह रोड पर हो रहा प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में था.

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ‘सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी’ के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुका है. लोगों ने ‘एयर इमरजेंसी’ और ‘बच्चों को स्वच्छ हवा दो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर थामे हुए थे.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘स्वच्छ हवा का अधिकार एक बुनियादी मानव अधिकार है. शांतिपूर्ण विरोध करना संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है. फिर साफ हवा की मांग करने वाले नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?’

उन्होंने आगे कहा, ‘हमें नागरिकों पर कार्रवाई करने के बजाय तुरंत वायु प्रदूषण पर ठोस कदम उठाने चाहिए.’ 

इंडिया गेट पर हुए इस विरोध प्रदर्शन को तस्वीरों के माध्यम से देखते हैं: 

इंडिया गेट पर धुंध कम करने के लिए लगाया गया एंटी-स्मॉग गन. इसके बावजूद दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई. (फोटो: पीटीआई)

 

“I MISS BREATHING” लिखा पोस्टर लेकर प्रदर्शन करता एक नागरिक. दिल्ली में रविवार को बिगड़ती वायु गुणवत्ता के खिलाफ इंडिया गेट पर लोगों ने प्रदर्शन किया. (फोटो: पीटीआई)
‘अच्छे दिन दिखाई नहीं दे रहे 800+ AQI में’ पोस्टर लेकर प्रदर्शन करता एक युवक. (फोटो: पीटीआई)
‘अबकी बार 1000 AQI पार’ लिखा पोस्टर थामे एक युवती. राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण स्तर लगातार खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है. (फोटो: पीटीआई)
‘हवा में ज़हर है’ संदेश लिए एक प्रदर्शनकारी. दिल्ली में वायु प्रदूषण के खिलाफ लोगों ने सड़कों पर उतरकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की. (फोटो: पीटीआई)
गहरी धुंध और प्रदूषण की चादर में लिपटा राष्ट्रपति भवन और कर्तव्य पथ. (फोटो: पीटीआई)