ओडिशा: मलकानगिरी में आदिवासी महिला का शव मिलने के बाद हिंसा जारी, कर्फ्यू लगा

ओडिशा के मलकानगिरी ज़िला लगातार दूसरे दिन भी तनावपूर्ण बना रहा, जहां एमवी-26 क्षेत्र में हजारों की संख्या में भीड़ ने उत्पात जारी रखा, कई घरों में आगजनी की और ग्रामीणों को गांव छोड़ने पर मजबूर कर दिया. यह हिंसा कोया जनजाति की एक महिला की कथित हत्या से शुरू हुई थी, जिनका बिना सिर वाला शव पोटेरू नदी में मिला था.

(प्रतीकात्मक फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: ओडिशा के मलकानगिरी ज़िले में लगातार दूसरे दिन भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जहां एमवी-26 क्षेत्र में हजारों की संख्या में भीड़ ने उत्पात जारी रखा, कई घरों में आगजनी की और ग्रामीणों को गांव छोड़ने पर मजबूर कर दिया.

न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जब सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम के बावजूद हालात काबू से बाहर हो गए, तो ज़िला प्रशासन ने एमवी-26 इलाके में कर्फ्यू लगा दिया, जबकि सोमवार शाम 6 बजे से पूरे ज़िले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं.

यह हिंसा कोया जनजाति की एक महिला, लेक पोडियामी की कथित हत्या से शुरू हुई थी, जिसकी बिना सिर वाली लाश पिछले गुरुवार को पोटेरू नदी में मिली थी. आदिवासी गांववालों ने बंगाली लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रविवार को एमवी-26 बस्ती इलाके पर एक संगठित हमला किया, जबकि पुलिस इस मामले में सुभारंजन मंडल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर चुकी है.

खबरों के अनुसार, इस हादसे की जड़ पोडियामी और सुकुमार मंडल के बीच ज़मीन का झगड़ा था, जो उनके पति की मौत के बाद पिछले दस साल से उनकी ज़मीन पर बटाई पर खेती कर रहे थे.

जब उनका बेटा बड़ा हो गया, तो पिछले साल पोडियामी ने बटाई पर खेती खत्म करने और अपनी ज़मीन पर खुद खेती करने का फैसला किया. इस फैसले से पूरे साल दोनों पार्टियों के बीच तनाव बढ़ता गया.

1 दिसंबर को पोडियामी धान की कटाई के लिए अपने खेत में गई, धान के तीन गट्ठर सुखाने के लिए ले गई और घर वापस नहीं लौटी. जब वह वापस नहीं आई, तो उसके बेटे ने उसी दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, उसे शक था कि सुकुमार और उसके साथियों ने उनकी मां को अपहरण करके मार डाला है और सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश नदी में फेंक दी है.

दुदामेटला के पास बालीघाट के रहने वालों ने गुरुवार को नदी में एक बिना सिर वाला शव दिखा और पुलिस को बताया. कपड़ों के आधार पर परिवार वालों ने शव की पहचान पोडियामी के रूप में की.

इसके बाद धनुष-बाण, कुल्हाड़ी और भाले से लैस भीड़ ने गांव में भारी तबाही मचाई, दर्जनों घर जलाए गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, हालांकि अधिकारी नुकसान के बारे में चुप्पी साधे हुए हैं. एमवी-26 में करीब 100 बंगाली परिवार रहते हैं.

अधिकारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर सैकड़ों लोग आदिवासी समर्थक नारे लगाते हुए फिर से एमवी-26 में घुसे और कई घरों व संपत्तियों को निशाना बनाया. बताया गया कि ये हमले पुलिस की मौजूदगी में भी हुए. दहशत में आए परिवार आगे की हिंसा के डर से गांव छोड़कर भाग गए.

मलकानगिरी के एसपी विनोद पाटिल पूरे दिन मौके पर मौजूद रहे और हालात पर नज़र रखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती का समन्वय करते रहे. डीजीपी वाई.बी. खुरानिया और राज्य पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शाम को मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया.

आदिवासी नेता बन्धु मुदुली ने आरोप लगाया कि कुछ बसाहटी लोग आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं. उन्होंने दावा किया कि कई बंगाली बिना वैध दस्तावेजों के गांव में रह रहे हैं और मांग की कि केवल उन्हीं बसाहटी लोगों को रहने दिया जाए जिनके पास सरकार द्वारा जारी ‘ग्रीन कार्ड’ हो.

हमले सुनियोजित, उच्चस्तरीय जांच की मांग: बंगाली समुदाय

उन्होंने दावा किया कि पोडियामी की हत्या भूमि विवाद के कारण हुई. उन्होंने मांग की कि मृतका पोडियामी के कब्जे वाली जमीन को आधिकारिक रूप से उसके नाम पर दर्ज किया जाए.

दूसरी ओर, आसपास के गांवों के बंगाली निवासियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और अपने घरों व संपत्तियों के नुकसान का विरोध करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मलकानगिरी बंगाली समाज ने कलेक्टर सोमेश कुमार उपाध्याय को दिए गए ज्ञापन में ‘प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा उकसाए गए सुनियोजित हमले’ की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

समाज के अध्यक्ष गौरांग कर्मकार ने कहा कि समुदाय ने पहले भी कई बार प्रशासन को क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बारे में चेताया था. उन्होंने कहा, ‘पहले कामवाड़ा पंचायत में भी ऐसी घटना हुई थी, लेकिन हमने हालात शांत कराए. इस बार हिंसा हद पार कर गई है.’

समाज ने प्रशासन से मांग की कि हिंसा भड़काने या उसमें शामिल सभी लोगों को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कड़ी सजा सुनिश्चित की जाए. उन्होंने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की.

संगठन ने महिला की हत्या मामले में भी उच्चस्तरीय जांच की मांग की. ज्ञापन में कहा गया, ‘हम प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लें और मलकानगिरी में शांति और सौहार्द बहाल करने के लिए कदम उठाएं.’

उपाध्याय ने कहा कि शांति बनाए रखने और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए बीएनएस की धारा 163 के तहत कर्फ्यू लगाया गया है और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित की गई हैं. सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. प्रभावित परिवारों को भोजन और सुरक्षा देने के लिए गांव में सामुदायिक रसोई और अस्थायी आश्रय स्थल खोले गए हैं.

उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त घरों का आकलन किया जा रहा है और मूल्यांकन पूरा होने के बाद एसआरसी दिशानिर्देशों के अनुसार राहत दी जाएगी.

इस बीच, कलेक्टर ने बताया कि मृत महिला के कटे हुए सिर की तलाश के लिए ओडीआरएएफ और फायर सर्विस की टीमें तैनात की गई हैं, जिनका शव पहले पोट्टेरू नदी में मिला था. खोज अभियान में सहायता के लिए नदी के किनारे कैमरे लगाए गए हैं.