मध्य प्रदेश: सीधी में कथित भाजपा नेता द्वारा महिला को पीटने का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज

सोशल मीडिया पर भाजपा के नेता बताए जा रहे एक व्यक्ति संतोष पाठक द्वारा एक महिला को बुरी तरह से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए, अपराध में पार्टी नेताओं की संलिप्ता को लेकर सवाल उठाया है.

वीडियो का स्क्रीनशॉट जिसमें संतोष पाठक सड़क पर एक महिला पर हमला करते दिख रहे हैं. (फोटो: X/@jitupatwari)

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले के बहरी बाजार इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बताए जा रहे एक व्यक्ति द्वारा एक महिला पर लाठी से हमला करते हुए एक वीडियो रविवार (8 फरवरी) को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद इस मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी ने मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की राज्य भर में भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं पर हमले की बढ़ती घटनाओं के लिए आलोचना की है.

बताया जा रहा है कि यह घटना सिहावल विधानसभा क्षेत्र की है. कथित भाजपा नेता संतोष पाठक पर महिला पर लाठी और घूंसे से हमला करने का आरोप है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

अखबार ने आरोपी की पहचान एक यूट्यूब इन्फ्लुएंसर के रूप में की है. शिकायत के अनुसार महिला सड़क किनारे एक स्टॉल चलाती हैं और पाठक ने पहले उन्हें स्टॉल हटाने के लिए मजबूर किया था.

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा पर तंज कसते हुए पार्टी की आलोचना की है.

उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, लेकिन ये कहना भूल गए कि भाजपा नेताओं से ही बेटियों को बचाओ. आज सीधी में एक बहन के साथ भाजपा नेता ने लाठी से बेरहम से मारपीट की.’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा बहनों के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं. सत्ता के अहंकार में भाजपा के गुंडे अब प्रदेश की बहनों पर अत्याचार करने पर उतर आए हैं.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘अब यही महिलाएं भाजपा नेताओं को सत्ता से बाहर कर जवाब देंगी.’

पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, जिनके पास गृह विभाग है, को महिलाओं की सुरक्षा में विफलता के लिए जिम्मेदार ठहराया.

इसी तरह कांग्रेस की राज्य इकाई द्वारा भी भाजपा को निशाने पर लिया गया और संतोष पाठक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई.

पार्टी ने एक्स पर लिखा, ‘यह वही भाजपा है जो मंचों पर वोट के लिए लड़कियों की पूजा का ढोंग करती है, जबकि ज़मीनी स्तर पर महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण देती है. मोहन जी, क्या आपके अक्षम गृह मंत्री इस घटना की जिम्मेदारी से बच निकलेंगे? अगर सत्ता में जरा भी नैतिकता बची है, तो संतोष पाठक के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करें और उन्हें गिरफ्तार करवाएं.’

हालांकि, संतोष पाठक ने सोशल मीडिया पर सफाई दी कि वह सिर्फ यूट्यूबर हैं और भाजपा से उनका कोई नाता नहीं है.

भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी अपने एक बयान में कहा है कि संतोष पाठक न तो भाजपा सदस्य हैं, न कभी कोई जिम्मेदारी संभाली. उनका नाम पार्टी से जोड़ना गलत है और आगे ऐसी किसी भी कोशिश पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, मध्य प्रदेश से ही एक और मामला सामने आया है, जहांं एक और भाजपा नेता को कानून हाथ में लेते हुए देखा जा सकता है.

यह घटना अशोकनगर ज़िले के चंदेरी क्षेत्र के बड़ेरा गांव की बताई जा रही है, जहां भाजपा नेता और सरपंच बाली सिंह लोधी 34 वर्षीय बृजकिशोर यादव को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं.

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में लोधी युवक को ज़मीन पर पटककर मुंह और छाती पर लात मारते, थप्पड़ जड़ते दिखाई दे रहे हैं.

यह घटना कथित तौर पर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे की है. जहां बाली सिंह लोधी ने कथित तौर पर बृजकिशोर यादव को अपशब्द कहे और उनके साथ मारपीट की.

पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया लेकिन गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठ रहे हैं.

इस बीच अपने बचाव में बाली सिंह लोधी ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उन पर भी हमला किया गया था. उन्होंने कहा कि वीडियो उस समय रिकॉर्ड किया गया था जब वह दूसरे व्यक्ति को पीट रहे थे. लोधी के अनुसार, उन लोगों के हमले में उनकी एक उंगली में चोट आई थी.