पुणे: भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में बांग्लादेश के ‘फूड स्टॉल’ पर तोड़फोड़ की

पुणे की एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (डब्ल्यूपीयू) परिसर में आयोजित विश्व सांस्कृतिक महोत्सव के तहत विभिन्न देशों के छात्रों द्वारा ‘फूड स्टॉल’ लगाए गए थे. यहां भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश-थीम वाले एक फूड स्टॉल में तोड़फोड़ की और पड़ोसी देश के राष्ट्रीय ध्वज के पोस्टर को आग लगा दी.

बांग्लादेश के स्टॉल से वहां के झंडे का पोस्टर निकालकर जलाते भाजयुमो कार्यकर्ता. (स्क्रीनग्रैब साभार: एक्स)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर पुणे के एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम को दौरान बांग्लादेश-थीम वाले एक फूड स्टॉल में तोड़फोड़ की और पड़ोसी देश के राष्ट्रीय ध्वज को आग लगा दी, जिससे विवाद खड़ा हो गया.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, यह घटना मंगलवार (10 फरवरी) शाम को कोथरूड स्थित एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (डब्ल्यूपीयू) परिसर में घटी, जहां आयोजित विश्व सांस्कृतिक महोत्सव (डब्ल्यूसीएफ) के तहत विभिन्न देशों के छात्रों द्वारा ‘फूड स्टॉल’ लगाए गए थे.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यह घटना हुई. इस संबंध में एमआईटी-डब्ल्यूपीयू के रजिस्ट्रार पोकाले ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि अनाधिकृत व्यक्ति परिसर में घुस आए थे. उन्होंने कहा, ‘विश्वविद्यालय पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में है.’

उन्होंने बताया कि डब्ल्यूसीएफ एक वार्षिक कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाना और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को एक मंच प्रदान करना है.

उन्होंने आगे कहा कि इसी तरह के कार्यक्रम शहरभर के शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं.

उन्होंने कहा, ‘विश्वविद्यालय सभी के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.’

वहीं, कोथरूड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संदीप देशमाने ने कहा, ‘हमें एमआईटी-डब्ल्यूपीयू में बांग्लादेशी फूड स्टॉल में तोड़फोड़ की घटना के संबंध में शिकायत मिली है. अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि हमारी जांच जारी है. हम गवाहों के बयान जुटा रहे हैं, उपलब्ध वीडियो फुटेज की समीक्षा कर रहे हैं और कॉलेज अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि समूह परिसर में कैसे घुसा और वास्तव में क्या हुआ.’

इस संबंध में भाजयुमो के एक पदाधिकारी ने संगठन के सदस्यों की संलिप्तता स्वीकार की. पुणे शहर के भाजयुमो अध्यक्ष दुष्यंत मोहोल ने दावा किया कि यह घटना फूड स्टॉल पर बांग्लादेश का राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई.

मोहोल ने कहा, ‘चूंकि स्टॉल पर बांग्लादेश का झंडा लगाया गया था, इसलिए कुछ स्थानीय छात्रों ने बांग्लादेश के मौजूदा भारत-विरोधी रुख का हवाला देते हुए उन्हें इसे हटाने के लिए कहा. स्टॉल पर मौजूद छात्रों ने झंडा हटाने के बजाय एक और झंडा लगा दिया, जिससे स्थानीय छात्र नाराज हो गए. जब ​​हमें इसके बारे में पता चला, तो हमने स्टॉल में तोड़फोड़ की और उनका झंडा जला दिया.’

एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग स्टॉल को तोड़ते और बांग्लादेश का झंडा जलाते हुए नारे लगा रहे हैं.

पुलिस ने बताया कि बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर शहर की एक सड़क पर बांग्लादेश का झंडा बनाया और पड़ोसी देश के खिलाफ नारे लगाए.