तमिलनाडु: सीएम स्टालिन ने चुनाव से पहले 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों को 5,000 रुपये दिए

तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इस बीच, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ‘कलाईनार महिला अधिकार योजना’ के तहत 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों के खातों में अग्रिम 3,000 रुपये और ‘समर स्पेशल पैकेज’ के तौर पर अतिरिक्त 2,000 रुपये- कुल 5,000 रुपये दिए हैं.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने ‘कलाईनार मगलीर उरिमई थोगै’ योजना के दूसरे चरण के विस्तार की शुरुआत के दौरान एक लाभार्थी को सम्मानित करते हुए. (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: तमिलनाडु सरकार ने शुक्रवार (13 फरवरी) को विधानसभा चुनाव से पहले ‘कलाईनार महिला अधिकार योजना’ के तहत 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों के खातों में अग्रिम 3,000 रुपये और ‘समर स्पेशल पैकेज’ के तौर पर अतिरिक्त 2,000 रुपये  – कुल 5,000 रुपये दिए.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि 3,000 रुपये की राशि फरवरी, मार्च और अप्रैल महीनों के लिए अग्रिम भुगतान के रूप में दी गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘कुछ लोग’ आगामी चुनावों का हवाला देकर तीन महीनों के लिए महिला अधिकार अनुदान रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी सरकार ने समय से पहले कदम उठाकर यह सुनिश्चित किया कि लाभार्थियों को किसी तरह की बाधा न हो.

स्टालिन ने लिखा, ‘तमिलनाडु की महिलाओं के लिए यह महिला अधिकार अनुदान स्टालिन का दिया हुआ वादा है. चाहे कोई भी बाधा डालने की कोशिश करे, मैं इससे पीछे नहीं हटूंगा. चुनावों का बहाना बनाकर वे तीन महीनों के लिए इस अनुदान को रोकना चाहते थे. लेकिन हमारी ‘द्रविड़ियन मॉडल 2.0’ सरकार ने उनसे पहले कदम उठा लिया! फरवरी, मार्च और अप्रैल के लिए अग्रिम 3,000 रुपये और साथ में 2,000 रुपये का समर स्पेशल पैकेज – कुल 5,000 रुपये आज सुबह सभी 1.31 करोड़ लाभार्थियों के खातों में जमा कर दिए गए.’

उन्होंने यह भी जोड़ा कि ‘द्रविड़ियन मॉडल 2.0’ के तहत यदि उनकी सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो मौजूदा 1,000 रुपये मासिक सहायता को बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया जाएगा – इसे उन्होंने तमिलनाडु की महिलाओं से किया गया वादा बताया.

गौरतलब है कि इससे पहले बिहार में 1.21 करोड़ महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत दस-दस हज़ार रुपये बांटे गए थे. ये राशि चुनाव से ठीक पहले वितरित की गई थी. इस पूरे प्रकरण पर चुनाव आयोग की निष्क्रियता को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े हुए. लेकिन नीतीश सरकार की इस योजना ने एनडीए को चुनाव में भारी बढ़त दिलाई. चुनावी नतीजों ने भी बताया कि नीतीश कुमार की ताक़त मानी जाने वाली महिला वोटरों को इस योजना ने और मजबूती के साथ उनकी तरफ़ किया.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इधर, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) ने पांच चुनावी वादों का ऐलान किया है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों, वृद्ध विधवाओं, अविवाहित वृद्ध महिलाओं, पति द्वारा छोड़ी गई महिलाओं, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 1,200 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का वादा शामिल है.

चुनावी सरगर्मी के बीच तमिलगा वेट्ट्री कझगम (टीवीके) शुक्रवार को सीलनायक्कनपट्टी, सलेम में एक बड़ी चुनावी बैठक करने जा रही है. पार्टी प्रमुख विजय के केवीपी गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में 4,998 प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे.

बताया गया कि बैठक में केवल क्यूआर-कोड वाले प्रवेश-पास धारकों को ही अनुमति होगी. सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल की तैनाती, वाहनों की जांच और ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे. अधिकारियों ने बिना पास वाले लोगों से लाइव प्रसारण के जरिए कार्यक्रम देखने की अपील की है.

ज्ञात हो कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सितंबर में टीवीके की एक पिछली सभा में हुई भगदड़ के बाद की जा रही है, जिसमें 41 लोगों की मौत हुई थी- इसी वजह से इस बार भीड़ प्रबंधन पर खास जोर दिया जा रहा है.

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के चुनाव साल के पहले हिस्से में होने हैं. 2021 के विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने 133 सीटें जीती थीं, कांग्रेस को 18, पीएमके को 5, वीसीके को 4 और अन्य को 8 सीटें मिली थीं.