नई दिल्ली: राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने आपत्तिजनक और भेदभावपूर्ण टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया. उन्होंने भाजपा के बजट की तुलना लड़के के जन्म से और कांग्रेस के बजट की तुलना लड़की के जन्म से करते हुए विपक्ष का मजाक उड़ाया है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, भरतपुर जिले की वैर विधानसभा सीट (अनुसूचित जाति आरक्षित) से भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली ने सोमवार (16 फरवरी) को विधानसभा में राज्य बजट पर चर्चा के दौरान यह टिप्पणी की.
विधानसभा में दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में पास बैठे कुछ भाजपा विधायक उनकी बात पर सिर हिलाते और हंसते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे से विपक्षी विधायकों के हंगामे की आवाजें सुनाई दे रही हैं.
और कितना गिरेगा विधानसभा का स्तर?
वैर से भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली कितना घटिया बयान दे रहे हैं. क्या स्पीकर वासुदेव देवनानी को ऐसे हल्के बयानों से कोई आपत्ति नहीं है क्या?
ये क्यों बेवजह हर बार बेटा, बेटी, महिला इनको किसी भी बेतुके संदर्भ में घसीट लिया जाता है?
आदरणीय… pic.twitter.com/F1ZEql8Fc8
— Avdhesh Pareek (@Zinda_Avdhesh) February 16, 2026
उन्होंने कहा, ‘हमारा पहला, दूसरा, तीसरा बजट आया… हमारा जवानी का बजट है. इनका (कांग्रेस) बजट बुढ़ापे का बजट था, वह भी आखिरी में आया जब चुनाव होने वाले थे. हमारे भजन लाल शर्मा सरकार ने पहले ही बजट में छोरा पैदा किया. दूसरा और तीसरा बजट में भी छोरा ही पैदा किया. जो जवानी में छोरा पैदा करता वह हमेशा काम में आता है. गहलोत सरकार ने आखिरी में जो घोषणा की उसमें भी छोरी पैदा हुई, छोरा पैदा नहीं हुआ. इसलिए आज विपक्ष में बैठे हुए हैं.’
संयोग से राज्य का बजट 11 फरवरी को भाजपा की महिला वित्त मंत्री दीया कुमारी ने पेश किया था.
इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा करते हुए कोली की टिप्पणी को भाजपा विधायक की ‘घिनौनी मानसिकता’ करार दिया. पोस्ट में कहा गया, ‘यह मजाक नहीं है – यह आरएसएस-भाजपा की उस सोच का स्पष्ट बयान है, जो बेटियों को हीन मानती है. 21वीं सदी में भी बेटियां इनके लिए बोझ हैं?’
“भजनलाल की भाजपा सरकार ने “छोरा पैदा किया”, पिछली कांग्रेस सरकार “छोरी” छोड़ गई, और “छोरा ही काम आता है”।”
इस घटिया सोच का प्रदर्शन राजस्थान विधानसभा में BJP विधायक बहादुर सिंह कोली ने CM भजन लाल शर्मा की तारीफ़ करते हुए किया।
यह मज़ाक नहीं, बेटियों को कमतर मानने वाली RSS-BJP… pic.twitter.com/UQfbslJaa3
— Indian Youth Congress (@IYC) February 17, 2026
वहीं, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने कोली से सार्वजनिक माफी की मांग की.
उन्होंने कहा, ‘भाजपा विधायक की बेटी-विरोधी टिप्पणी भाजपा की महिला-विरोधी और पितृसत्तात्मक मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण है. भजनलाल सरकार के बजट को ‘लड़का पैदा होना’ और गहलोत सरकार के बजट को ‘लड़की पैदा होना’ बताना बेहद संकीर्ण सोच को दर्शाता है.’
पीटीआई के अनुसार जूली ने कहा, ‘16 फरवरी को आपके विधायक बजट पर बोलते हुए बेटे और बेटी में भेदभाव करने वाली बातें कर रहे थे. आपके विधायक हंस रहे थे. मुझे शर्म आती है कि आज भी ऐसी सोच कायम है. मेरी भी दो बेटियां हैं; मैंने हाल ही में एक की शादी की है. और आज के दौर में भी भाजपा विधायक बेटियों को लेकर ऐसी सोच रखते हैं.’
हालांकि, कोली ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा. पीटीआई के मुताबिक उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘इसमें गलत क्या है? यह हमारी ब्रज भाषा है.’
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अपनी टिप्पणी अनुचित लगती है, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘क्या बयान गलत था? मैंने कहा कि अच्छा बजट पेश किया गया है, यानी ‘छोरा’ पैदा हुआ है… उन्होंने (कांग्रेस ने) चुनाव से पहले जनता को बहलाने के लिए लोकलुभावन बजट पेश किया, जो ‘छोरी’ के जन्म जैसा है.’
