लखनऊ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के लखनऊ विश्वविद्यालय दौरे के दौरान बुधवार (17 फरवरी) को परिसर में विरोध प्रदर्शन और कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के कारण छात्रों को करीब चार घंटे तक भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. कई छात्र अपने विभागों तक नहीं पहुंच सके और कैशियर कार्यालय से डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और नामांकन फार्म लेने से वंचित रह गए.
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और गेट नंबर-2, जो अधिकांश मानविकी विभागों की ओर जाता है, को बंद कर दिया गया था. कैनिंग कॉलेज भवन और मुख्य भवन तक जाने वाले रास्तों को भी सुरक्षा कारणों से अवरुद्ध कर दिया गया था. मालवीय हॉल में आयोजित ‘आरएसएस रिसर्च स्कॉलर्स डायलॉग’ कार्यक्रम के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.
प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व, हिंदी, राजनीति विज्ञान, पाश्चात्य इतिहास और शिक्षा विभाग के छात्र सुरक्षा बैरिकेड्स के पास खड़े रहे. टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बीए की छात्रा अनामिका जायसवाल ने बताया कि वह सुबह करीब 9:30 बजे नामांकन फार्म लेने आई थीं, लेकिन गेट नंबर-1 और 2 से प्रवेश नहीं दिया गया. उन्होंने कहा, ‘दोपहर 12 बजे के बाद ही हमें अंदर जाने की अनुमति मिली.’
कार्यक्रम का विरोध क्यों?
इसी दौरान समाजवादी छात्र सभा और कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का विरोध किया. करीब 25 छात्र-छात्राओं ने परिसर में ‘मोहन भागवत गो बैक’ और ‘आरएसएस मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने भागवत को ‘भारतीय समाज में नफरत का प्रतीक’ बताया और आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन विपक्षी छात्र संगठनों को अकादमिक कार्यक्रमों के लिए हॉल उपलब्ध नहीं कराता, जबकि सत्तारूढ़ विचारधारा से जुड़े कार्यक्रमों को अनुमति देता है.
छात्र नेताओं ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय करदाताओं के पैसे से चलता है और इसे किसी निजी वैचारिक मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग कर कुछ छात्रों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया.
कुलपति ने क्या कहा?
टेलीग्राफ के मुताबिक, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति जय प्रकाश सैनी ने इसे ‘सांस्कृतिक कार्यक्रम’ बताते हुए कहा कि इसमें कई गणमान्य लोग शामिल हुए थे. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित किया गया था.
भागवत का यह दौरा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के उन प्रस्तावित नियमों को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुआ, जिनका उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को जातिगत उत्पीड़न से संरक्षण देना है. सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को इन नियमों पर रोक लगाते हुए कहा था कि इनका ढांचा प्रथम दृष्टया ‘अस्पष्ट’ है और इसके ‘गंभीर परिणाम’ हो सकते हैं.
भागवत ने तीन बच्चा करने का दिया सुझाव
लखनऊ के दो दिवसीय दौरे पर गए भागवत ने मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश की राजधानी में सरस्वती शिशु मंदिर में एक कार्यक्रम में कहा कि हिंदू परिवारों को कम से कम तीन बच्चे होने चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि ‘तीन से कम बच्चों वाला समाज समय के साथ कमजोर हो जाता है.’
भागवत ने कहा कि ‘हमें किसी से कोई खतरा नहीं है, लेकिन हमें सजग रहना चाहिए और घर वापसी जैसे अभियानों को भी तेज करना चाहिए.’ कथित ‘लालच के जरिए धर्मांतरण’ को तुरंत रोका जाना चाहिए.
