ईरान: प्राइमरी स्कूल पर इज़रायल-अमेरिकी मिसाइल हमले में कम से कम 51 लोग मारे गए

दक्षिणी ईरान के होर्मोज़गान प्रांत में बंदर अब्बास के पास मीनाब में लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय पर हुए इज़रायल-अमेरिकी हवाई हमले की पुष्टि करते हुए मीनाब के गवर्नर ने शनिवार दोपहर बताया कि 48 अन्य लोग, जिनमें छात्राएं भी शामिल हैं, घायल हुए हैं. मरने वालों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है.

मीनाब छात्राओं के स्कूली बैग. (फोटो साभार: X/@TehranTimes79)

नई दिल्ली: सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दक्षिणी ईरान के होर्मोज़गान प्रांत में बंदर अब्बास के पास मीनाब में एक लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय पर हुए इज़रायल-अमेरिकी हवाई हमले में  कम से कम 51 लोग मारे गए हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, मीनाब के गवर्नर ने शनिवार (28 फरवरी) दोपहर हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि 48 अन्य लोग, जिनमें छात्राएं भी शामिल हैं, घायल हुए हैं. मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है.

संचार बाधित होने और जारी सैन्य हमलों के कारण अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन ईरानी और अन्य मीडिया द्वारा साझा की गई बचावकर्मियों और अन्य लोगों की तस्वीरों में विद्यालय पूरी तरह से मलबे में तब्दील दिखाई दे रहा है; केवल इमारत का ढांचा ही खड़ा है.

बताया जा रहा है कि यह हमला शनिवार की सुबह इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा ईरानी शहरों पर शुरू किए गए हमलों के बीच हुआ, और इसे अब तक का सबसे घातक हमला बताया जा रहा है.

मीनाब के विशेष गवर्नर मोहम्मद रादमेहर ने आईआरएनए को बताया, ‘आज सुबह, शहर के दराख्त-ए तैयबा गर्ल्स प्राइमरी स्कूल पर ज़ायोनी शासन द्वारा सीधा हमला किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कई छात्राओंं की मौत हो गई.’

होर्मोज़गान के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक उप-गवर्नर ने आज दोपहर आईआरएनए को बताया कि शनिवार की सुबह मीनाब के इस स्कूल में 170 छात्राएं कक्षा में उपस्थित थीं. उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना है.

हमले वाली जगह के वीडियो में स्तब्ध और अचंभित दर्शक दिखाई दे रहे थे, स्कूल की ऊपरी मंजिल पर स्थित एक कक्षा से धुएं के गुबार उठ रहे थे और महिलाएं रो रही थीं.

सबसे पहले शाम 4:01 बजे पांच लोगों की मौत की सूचना मिली थी.

तेहरान टाइम्स ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:55 बजे बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं. शाम 5:44 बजे तक, स्कूल में 41 लोगों के मारे जाने की खबर थी और कई अन्य घायल हो गए थे, बचावकर्मी मलबे में से लोगों को निकालने का काम जारी रखे हुए थे.

तुर्की की आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी अनादोलु द्वारा उद्धृत आईआरएनए की नवीनतम रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मरने वालों की संख्या 51 से अधिक हो गई है.

मेहर समाचार एजेंसी ने भी तेहरान के पास एक स्कूल में हुए एक अलग हमले में कम से कम दो छात्रों के मारे जाने की खबर दी है.