ओडिशा: बकरी चुराने के संदेह में 14 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, एक अन्य गंभीर रूप से घायल

मयूरभंज ज़िले में भीड़ हिंसा की घटना सामने आई है, जहां बकरी चोरी करने के शक में दो किशोरों की ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर पिटाई कर दी गई. इस घटना में एक 14 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है.

(इलस्ट्रेशन: परिप्लब चक्रवर्ती/द वायर)

नई दिल्ली: ओडिशा के मयूरभंज में बकरी चोरी के शक में एक 14 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. इस घटना में दूसरा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.

न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, ये घटना ज़िले के तिरिंग पुलिस थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां सोमवार (2 मार्च) को गांव की भीड़ ने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया. इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

इस घटना के संबंध में मयूरभंज पुलिस ने चार गांवों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है.

मृतक की पहचान भुटाकाबाड़ी गांव निवासी राजकुमार बिंधानी के 14 वर्षीय इकलौते पुत्र संबित बिंधानी के रूप में हुई है. वह बसिंगी सरकारी हाई स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था और तिरिंग पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंडोखोली ग्राम पंचायत के हेरोगोडा गांव में अपने चाचा के साथ रह रहा था. यह क्षेत्र बहलदा ब्लॉक का हिस्सा है.

वहीं, घायल नाबालिग की पहचान राकेश मोहंता के रूप में हुई है. उन्हें बारीपाड़ा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने संबित और उसके तीन साथियों को बकरी चोरी करने के संदेह में पकड़ लिया था. हालांकि, उनमें से दो लड़के मौके से भागने में सफल रहे. इसके बाद भीड़ ने संबित और उसके एक अन्य साथी की बेरहमी से पिटाई कर दी. उन्होंने उनकी मोटरसाइकिल में आग भी लगा दी.

पुलिस को इन किशोरों को  सौंपने से पहले ग्रामीणों ने कथित तौर पर उनके लिए एक तरह की ‘कंगारू’ अदालत भी लगाई और दोनों को बेरहमी से पीटा गया.

पुलिस ने जब उन्हें बचाया तो दोनों की हालत गंभीर थी और उन्हें झारदिही अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में उन्हें रायरांगपुर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. संदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि राकेश की हालत बिगड़ने पर उसे बारीपाड़ा स्थित पीआरएम एमसीएच में भर्ती कराया गया.

इस संबंध में रायरांगपुर एसडीपीओ बीरेंद्र सेनापति ने बताया कि संदीप के पिता ने सोमवार रात तिरिंग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया.

वहीं, पुलिस ने मंगलवार को तिरिंग और बहलदा पुलिस थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इंडोखोली, हेरोगोडा, गिढीघाटी और कुलगी गांवों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया.

इन 11 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 191(2), 191(3), 126(2), 115(2), 109(1), 103(1), 326(1), 303(2) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ने की संभावना है.